प्रेम प्रकाश शर्मा
नारनौल। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में अनियमितताओं का मामला सामने आया है। योजना के तहत अनुदान की किश्तें लेने के बावजूद करीब 15 लाभार्थियों ने अब तक अपने मकानों का निर्माण नहीं कराया है। इस पर नगर परिषद ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित लाभार्थियों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इन लाभार्थियों ने करीब 10 लाख रुपये तक की राशि प्राप्त कर ली लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं किया। कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अब विभाग ने वसूली की कार्रवाई की तैयारी कर ली है। यदि तय समय में राशि जमा नहीं कराई गई तो 12 प्रतिशत ब्याज सहित वसूली की जाएगी।
50 लाभार्थियों की अटकी दूसरी-तीसरी किश्त
एक ओर जहां कुछ लाभार्थियों ने योजना का दुरुपयोग किया है, वहीं करीब 50 पात्र लाभार्थी ऐसे भी हैं जो दूसरी और तीसरी किश्त का इंतजार कर रहे हैं। इनकी लगभग 20 लाख रुपये की राशि लंबित बताई जा रही है।
1307 में से 209 आवेदन हुए थे मंजूर
योजना के तहत 1307 लोगों ने आवेदन किया था जिनमें से 209 आवेदन स्वीकृत किए गए। अभी भी इनमें ऐसे लाभार्थी है जो दूसरी और तीसरी किश्त के लिए करीब 6 माह से चक्कर काट रहे हैं लेकिन राशि नहीं मिल पाई है। ऐसे में राशि नहीं मिलने से मकान का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को तीन किश्तों में कुल 2.50 लाख रुपये का अनुदान दिया जाता है। वहीं मकान मरम्मत के लिए 1.50 लाख रुपये की सहायता भी निर्धारित है।
समय सीमा के बाद अब सख्ती
नगर परिषद ने पहले लाभार्थियों को 20 दिसंबर 2025 तक निर्माण पूरा कर रिपोर्ट देने को कहा गया था और 31 दिसंबर के बाद फाइल बंद करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद अब समय सीमा खत्म होने के बाद कार्रवाई तेज कर दी गई है।
-
उसे पहली किश्त मिल गई थी लेकिन दूसरी नहीं मिली। इसकी वजह से मकान का निर्माण कार्य शुरू नहीं कर पाए। नगर परिषद की तरफ से नोटिस भी आया है।
-रामनिवास सैनी, नारनौल।
-
उसने मकान की मरम्मत के लिए प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवेदन किया था जिसके बाद उसे पहली किश्त मिल गई थी। मरम्मत कार्य पूरा नहीं कर सका। अब नगर परिषद ने नोटिस भी भेजा है। इसको लेकर उसने नगर परिषद कार्यालय में जवाब भी दे दिया है।
-नंद किशोर, नारनौल।
वर्जन:
जिन लाभार्थियों ने किश्त लेने के बाद भी मकान का निर्माण पूरा नहीं किया है, अब उन्हें नोटिस दिया जा रहा है। अगर फिर भी राशि जमा नहीं करवाई तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिन लाभार्थियों को दूसरी और तीसरी किश्त नहीं मिली है उनकी भी जल्द किश्त जारी की जाएगी।
-जोगेंद्र कुमार, ईओ नगर परिषद नारनौल।