23जेएनडी02: विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता रैली निकालते हुए एनसीसी कैडेट्स। स्रोत संस्थान
जींद। संत शिरोमणि श्री सैन भगत राजकीय महाविद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य सत्यवान मलिक ने की।
अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर के गोल पार्क में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एनसीसी कैडेट्स ने उत्साह के साथ पौधे रोपकर धरती को हरा-भरा रखने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने प्लास्टिक मुक्त वातावरण और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर एक जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से कैडेट्स ने समाज को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और नशे की लत से होने वाली हानि के प्रति सचेत किया।
प्राचार्य सत्यवान मलिक ने कहा कि पृथ्वी दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। एनसीसी अधिकारी डॉ. ज्योति लडवाल ने कहा कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता ही सुरक्षित भविष्य की नींव है। उप-प्राचार्य रणधीर खटकड़ ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए युवाओं का जागरूक होना अनिवार्य है।