23जेएनडी32: डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण को ज्ञापन सौंपते हुए कर्मचारी। संवाद
जींद। फायर कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर वीरवार को डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा के आवास तक प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी कर समस्याएं उठाईं। इसके बाद डिप्टी स्पीकर को ज्ञापन सौंपकर मांगों को पूरा करने की अपील की।
डिप्टी स्पीकर ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि वे उनकी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर समाधान का प्रयास करेंगे। प्रदर्शन का नेतृत्व सर्वकर्मचारी संघ के प्रधान संजीव ढांडा ने किया। इस दौरान फायर कर्मियों के प्रधान सुनील कुंडू समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
कर्मचारियों ने अपनी 22 सूत्रीय मांगों में फरीदाबाद अग्निकांड में जान गंवाने वाले भवी चंद शर्मा और रणवीर सिंह के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को पक्की नौकरी और शहीद का दर्जा देने की मांग प्रमुख रूप से उठाई।
इसके अलावा कच्चे कर्मचारियों को 58 वर्ष तक नौकरी की गारंटी, वेतन बढ़ोतरी, जोखिम भत्ता, वर्दी व धुलाई भत्ता, एसीपी और प्रमोशन का लाभ, एलटीसी सुविधा तथा त्योहारी ड्यूटी के बदले अतिरिक्त वेतन की मांग भी शामिल है।