फोटो 12जेएनडी29-खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री। स्रोत ग्रामीण
उचाना। राजकीय स्कूल भौंगरा की वुशू खेल नर्सरी के खिलाड़ियों का नेशनल स्कूल खेलों के लिए चयन होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। दलीप सिंह रंगा के पौत्र लक्ष्य और आर्यन के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री मुख्य रूप से पहुंचे।
विधायक ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल हमें केवल जीतना ही नहीं सिखाता, बल्कि संघर्ष के क्षणों में धैर्य रखना, गिरकर फिर उठना और टीम भावना के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ना भी सिखाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा और मेहनत ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। यही युवा शक्ति भविष्य में अपने परिश्रम और प्रतिभा के दम पर राष्ट्र का गौरव बढ़ाएगी। उन्होंने सभी चयनित खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और नेशनल स्कूल खेलों में शानदार प्रदर्शन की कामना की। इस अवसर पर बिट्टू कोच, विनोद कुमार, संजय चहल, राजपाल रंगा, हरनारायण, सुरेश नंबरदार और दर्शन भौंगरा मौजूद रहे।