03जेएनडी18-राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेलरखां की खेल नर्सरी में बायोमैट्रिक
जींद। खेल नर्सरी के खिलाड़ियों को रोजाना अपनी हाजिरी नर्सरी पोर्टल पर अपडेट करनी होगी। इस हाजिरी के आधार पर ही खिलाड़ियों को आहार भत्ता मिलेगा लेकिन कुछ नर्सरियों की बायोमीट्रिक मशीन में तकनीकी खराबी की वजह से खिलाड़ी हाजिरी नहीं लगे पा रहे हैं तो कुछ नर्सरियों में अभी तक बायोमीट्रिक मशीन हीं नहीं खरीदी गई है।
हाजिरी न लगाने से खिलाड़ियों को नुकसान हो रहा है। 15 अगस्त तक जिले के खेल नर्सरी संचालकों को बायोमीट्रिक मशीन खरीदने के निर्देश दिए थे। अभी जिले में 40 से अधिक नर्सरी संचालकों ने बायोमीट्रिक मशीन खरीदी है।
वहीं दूसरी ओर जिन नर्सरियों में बायोमीट्रिक मशीनों से खिलाड़ियों की हाजिरी लग रही है उनमें तकनीकि दिक्कत के कारण सभी खिलाड़ियों की हाजिरी नहीं लग पा रही है।
एक नर्सरी में 25 खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। खेल विभाग की ओर से 8 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों को 1500 रुपये और 15 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों को दो हजार रुपये की राशि दी जाती है। जिला खेल अधिकारी रामपाल हुड्डा ने कहा कि जिले में लगभग 70 प्रतिशत खेल नर्सरी संचालकों ने बायोमीट्रिक मशीन खरीद ली हैं।
शेष खेल नर्सरी संचालकों को भी एक सप्ताह का समय दिया गया है। इसके अलावा खिलाड़ियों की हाजिरी को लेकर जो दिक्कत आ रही है उसके बारे में मुख्यालय से मार्गदर्शन मांगा गया है। मुख्यालय से जो निर्देश आएंगे उसके हिसाब से खिलाड़ियों को अवगत करवा दिया जाएगा। अभी साथ-साथ में खिलाड़ियों की हाजिरी रजिस्टर में भी दर्ज की जा रही है।