11जेएनडी07-दनौदा खुर्द खेल नर्सरी में अभ्यास करते हुए खिलाड़ी। स्रोत कोच
जींद। पोर्टल नहीं चलने पर खेल नर्सरियों में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों और कोच को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में खिलाड़ियों और कोच की ओर से रजिस्टर में हाजिरी भरी जा रही है। हाजिरी के आधार पर ही खिलाड़ियों को डाइट राशि मिलती है। वहीं पिछले दिनों खेल नर्सरी के खिलाड़ियों को हर दिन की हाजिरी नर्सरी पोर्टल पर अपडेट करने को लेकर पत्र जारी किया था।
जारी किए गए पत्र के अनुसार महानिदेशक ने निर्देश जारी किए थे कि विभागीय प्रशिक्षकों, सरकारी शिक्षण संस्थानों और ग्राम पंचायतों में संचालित खेल नर्सरियों के खिलाड़ियों को प्रतिदिन की हाजिरी प्रशिक्षकों की ओर से पोर्टल पर अपडेट कराना सुनिश्चित करेंगे। यदि हाजिरी अपडेट करने में किसी प्रकार की देरी या कोताही बरती जाती है तो वह स्वयं जिम्मेदार होंगे, लेकिन पोर्टल नहीं चलने के कारण खिलाड़ी और कोच अपनी हाजिरी ऑनलाइन नहीं भर पा रहे हैं।
ऐसे में खिलाड़ियों और कोच रजिस्टर में हाजिरी भी दर्ज कर रहे हैं। खिलाड़ियों को हाजिरी के आधार पर ही डाइट राशि मिलती है। महीने में 22 हाजिरी जरूरी है। हालांकि अभी तक पिछले साल की डाइट राशि भी नहीं मिली है। जबकि पिछले साल जिले में 110 खेल नर्सरियां अलॉट थीं, जिसमें 82 निजी और 28 सरकारी नर्सरियां अलॉट थी।
वहीं इस सत्र में जिले में 60 खेल नर्सरियां सरकारी स्कूलों और ग्राम पंचायतों में चल रही हैं। इसके अलावा 28 विभागीय खेल प्रशिक्षण संस्थान हैं। एक नर्सरी में 25 खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। खेल विभाग की ओर से 8 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों को 1500 रुपये और 15 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों को 2 हजार रुपये की राशि दी जाती है।
जिला खेल अधिकारी रामपाल हुड्डा ने कहा कि पोर्टल नहीं चलने के कारण खिलाड़ियों को हाजिरी खेल नर्सरी के पोर्टल पर अपडेट करने में दिक्कत हो रही है। खिलाड़ियों और कोच की सुविधा के लिए रजिस्टर लगा रखा है ताकि अगर पोर्टल नहीं चलने पर वह रजिस्टर में अपनी हाजिरी भर सकें।