नरवाना। आजाद नगर में अखिल भारतीय शाक्य महासभा ने त्रिविध पावनी बुद्ध पूर्णिमा (बुद्ध जयंती) श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई। कार्यक्रम की शुरुआत बुद्ध वंदना से हुई जिसके बाद पंचशील, अष्टांगिक मार्ग और मध्य मार्ग के सिद्धांतों पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को तथागत गौतम बुद्ध की विपश्यना ध्यान विधि का अभ्यास भी करवाया गया।
विज्ञापन
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया हरियाणा के सचिव सुलेख मानव एडवोकेट ने बुद्ध के जीवन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वैशाख पूर्णिमा के दिन 563 ईसा पूर्व कपिलवस्तु के शाक्य वंश में सिद्धार्थ का जन्म हुआ और आगे चलकर उन्होंने कठोर साधना के बाद बोधि वृक्ष के नीचे ज्ञान प्राप्त कर बुद्धत्व हासिल किया।
उन्होंने चार आर्य सत्यों दुख, दुख का कारण, दुख का निवारण और निवारण का मार्ग की व्याख्या करते हुए कहा कि बुद्ध का मार्ग संतुलन और मध्यमार्ग पर आधारित है। वीणा के तार न अधिक कसें और न ढीले रखें के उदाहरण से उन्होंने जीवन में संतुलन का संदेश दिया।
विज्ञापन
कार्यक्रम में सम्राट अशोक द्वारा बौद्ध धम्म के प्रचार-प्रसार और भीमराव अंबेडकर के योगदान को भी याद किया गया। अंत में विश्व कल्याण की कामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना की गई और खीर का प्रसाद वितरित किया गया।
शाक्य महासभा ने हरियाणा सरकार से मांग की कि भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों को बौद्ध सर्किट घोषित किया जाए। कार्यक्रम में जगदीश प्रधान, रामफल बौद्ध, जयबीर, वेदप्रकाश, सुरेश, श्रवण मौजूद रहे।