एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना देते ब्राह्मण समाज के लोग।
- फोटो : Jind
21 दिसंबर को लघु सचिवालय के बाहर धरने के दौरान ब्राह्मण समाज को विदेशी बताने का विवाद थम नहीं रहा है। इस मामले में पुलिस पर उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों ने एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी की। साथ ही समाज के लोगों ने कहा कि इसके विरोध में तीन जनवरी को रोड जाम किया जाएगा।
गौरतलब है कि 21 दिसंबर को सीएए और एनआरसी के विरोध में बहुजन क्रांति मोर्चा संगठन द्वारा धरना दिया गया था। आरोप है कि इस धरने में कुछ लोगों ने ब्राह्मण समाज को विदेशी मूल का बताया था। इसको लेकर ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों ने पिछले सप्ताह धरना दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ब्राह्मण सभा के प्रधान भगवान दत्त शर्मा ने बताया कि इस पर पुलिस ने सोमवार को दोनों पक्षों को बुलाया था। इससे पहले लोग एसएसपी से भी मिले थे, जिसमें माफी मांगने पर मामले को टालने की बात ही थी। इसके बाद ही डीएसपी सिटी धर्मबीर सिंह द्वारा दोनों पक्षों को सुबह 11 बजे बुलाया गया था, लेकिन दोपहर बाद डेढ़ बजे तक भी आरोपी नहीं पहुंचा। ब्राह्मण समाज के संगठनों के लोगों ने कहा कि पुलिस सिर्फ उन्हें बुलाकर परेशान कर रही है। इसको लेकर एसएसपी कार्यालय के नीचे मुख्य गेट के बाहर ही धरना दिया गया। हालांकि इस दौरान कुछ पुलिस कर्मचारियों ने मध्यस्थता करते हुए फिर से इन लोगों को डीएसपी कार्यालय में बुलाया, लेकिन फिर भी मुख्य आरोपी नहीं आने से लोग खफा होकर चले गए।
रामराये ब्लास्ट में भी संदिग्ध
यहां पहुंचे विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह प्रचार प्रमुख सुशील शास्त्री ने कहा कि छह-सात महीने पहले रामराये तीर्थ पर दो बार ब्लास्ट हुए। लोगों ने बताया कि उन धमकों के पीछे भी वही व्यक्ति हो सकता है। ऐसे में पुलिस को इसकी भी जांच करनी चाहिए।
धरने में शामिल सभी लोगों पर हो केस दर्ज
इस दौरान पुलिस द्वारा बुलाने पर भी आरोपी के नहीं आने पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह प्रचार प्रमुख सुशील शास्त्री ने एक और शिकायत डीएसपी धर्मबीर सिंह को दी। इसमें मांग की गई कि 21 दिसंबर को धरने पर जो भी लोग बैठे थे, सभी के खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए।