बाल भवन रोड के बीच लगे बिजली ट्रांसफार्मरों को हटवाने के लिए मिलने वालेे आश्वासनों से परेशान होकर जींद विकास संगठन ने रविवार को बाल भवन रोड पर एक दिवसीय भूख हड़ताल की। संगठन के लोगों को फिर से आश्वासन मिला। बिजली निगम ने सोमवार से काम शुरू करवाने का आश्वासन दिया है। इसके बाद लोगों ने भूख हड़ताल को समाप्त कर दिया। अब तक इन ट्रांसफार्मरों को हटवाने के लिए जींद विकास संगठन को कई बार आश्वासन मिले हैं।
संगठन के प्रधान राजकुमार गोयल ने कहा कि यह अंतिम बार है, जब वह आश्वासन पर मान रहे हैं। यदि दो दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो इस बार जींद विकास संगठन अनिश्चितकालीन आंदोलन की घोषणा कर देगा। जब तक काम पूरा नहीं होगा आंदोलन जारी रहेगा।
जानकारी के लिए बाल भवन रोड के बीच में अब प्रशासन ने डिवाइडर बना दिया है। पहले यह सिंगल सड़क मार्ग था। इसलिए ट्रांसफार्मर के साथ वाहन निकल जाते थे, लेकिन अब डिवाइडर बनने के बाद एक तरफ ट्रांसफार्मर बिल्कुल सड़क के बीच में आ गया है। यहां से अब वाहन नहीं निकल पाते। इसके अलावा तीन अन्य ट्रांसफार्मर भी इस सड़क के साथ हैं। यह भी वाहनों के आवागमन में बाधा डालते हैं।
राजकुमार गोयल ने कहा कि 23 नवंबर को संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल डीसी डॉ. आदित्य दहिया से मिला था, जिसमें उन्होंने बिजली निगम के एसई को मौके पर बुलाया था। एसई ने ट्रांसफार्मर को जल्द हटाने को कहा था। इसके बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं हटाया गया। जींद विकास संगठन ने एक फरवरी को फिर नगराधीश को इस मामले को लेकर ज्ञापन दिया था। 12 फरवरी को फिर जींद विकास संगठन के लोग डीसी से मिले थे। डीसी ने फिर आश्वासन दिया था। रविवार को लोग भूख हड़ताल पर बैठे तो निगम के एसडीओ विनय सिंह मौके पर पहुंचे और सोमवार से काम शुरू करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर मुकेश शर्मा, राजकुमार भोला, ईश्वर गोयल, बीएस गर्ग, रामधन जैन, मनजीत व अन्य मौजूद रहे।
पहले भी प्रशासन से आश्वासन मिले हैं। आज फिर बिजली निगम ने आश्वासन दिया है। सभी लोगों से विचार-विमर्श करने के बाद बिजली निगम को दो दिन का समय दिया गया है। यदि दो दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो इस बार अनिश्चितकालीन आंदोलन की घोषणा की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
राजकुमार गोयल, प्रधान जींद विकास संगठन।