कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमा पर धरना दे रहे किसानोें को जिले के लोगों का समर्थन मिलने लगा है। इसको लेकर बुधवार को दनौदा गांव में बिनैन खाप के चबूतरे पर खाप की बैठक हुई, जिसमें तय किया गया कि वीरवार को नरवाना के हरियल चौक से खाप के सभी गांवों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से लोग दिल्ली कूच करेंगे। वहीं बीबीपुर गांव के लोगों ने भी मीटिंग कर शुक्रवार को दिल्ली कूच करने का एलान किया। साथ ही उन्होेंने फैसला किया कि भविष्य में गांव में भाजपा और आरएसएस के किसी भी नेता को नहीं घुसने दिया जाएगा।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले पंजाब के किसानों ने दिल्ली कूच किया था। तब से वे दिल्ली की सीमाओं पर डटे हुए हैं। आंदोलन के समर्थन में अब जिले की कई खाप और ग्रामीण भी आ रहे हैं। इसके चलते मंगलवार को जाट धर्मशाला में सर्वखाप की बैठक हुई, जिसमें दिल्ली पहुंचने का एलान किया गया। इसके बाद बुधवार को जिले की सबसे बड़ी खापों में शामिल बिनैन खाप ने दनौदा कलां में बिनैण खाप के चबूतरे पर प्रधान नफे सिंह नैन के नेतृत्व में बैठक की।
नफे सिंह ने किसानों के दिल्ली घेराव आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि वीरवार को नरवाना के हरियल चौक पर बिनैन खाप के किसान ट्रैक्टर- ट्रॉलियों के साथ एकत्रित होंगे। सरकार द्वारा बनाए गए कृषि कानूनों के विरोध में टीकरी बॉर्डर पर पहुंचकर आंदोलन में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि टिकरी बॉर्डर पर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष जोगिंद्र घासीराम पहुंचे हुए हैं। उनकी अगुवाई में दिल्ली सीमा पर धरना चलेगा। पंचायत में खाप प्रेस प्रवक्ता रघुवीर सिंह नैन, सरपंच पुरुषोत्तम शर्मा, होशियार सिंह लोन, भगतराम, चांद बहादुर, धर्मपाल दनौदा, राजबीर भिखेवाला सहित काफी किसान मौजूद रहे।
किसान आंदोलन को दबाने वालों का भी होगा विरोध
दूसरी ओर बीबीपुर गांव में हुई ग्रामीणों की पंचायत में प्रधान डॉ. दलबीर बीबीपुर ने कहा कि कुछ लोग किसान आंदोलन को दबाने के लिए प्रचार कर रहे हैं। ऐसे लोगों का विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो किसान की बात नहीं करेगा उसकी किसी भी स्थिति में साथ नहीं देंगे।
कई गांवों से दिल्ली रवाना हुईं ट्रैक्टर-ट्रॉलियां
वहीं दिल्ली में आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में बुधवार को जिले के कई गांवों से लोग ट्रैक्टर-ट्रालियों में रसद सामग्री व अन्य सामान लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। अलग-अलग गांवों में लोग चंदा एकत्रित तकर आंदोलन कर रहे किसानों को मदद पहुंचाने के लिए अभियान चला रहे हैं।
पोली गांव में दिल्ली जाने वाले किसानों के लिए चल रहा भंडारा
वहीं जुलाना के पोली गांव में दिल्ली जाने वाले किसानों के लिए भंडारा चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि पंजाब से किसान लगातार जींद-रोहतक के रास्ते दिल्ली की ओर जा रहे हैं। ऐसे में पोली गांव में ग्रामीणों द्वारा भंडारा चला कर दिल्ली जाने वाले किसानों को यहां भोजन करवाया जा रहा है।
जुलाना से 10 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से किसान दिल्ली रवाना
कृषि कानूनों के विरोध में जुलाना से बुधवार को सैकड़ों किसान दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके साथ ही करसोला गांव से 10 क्विंटल लड्डू भेजा गया है। जुलाना से नंदगढ़ खाप के प्रधान होशियार सिंह दलाल के नेतृत्व में दिल्ली के लिए 10 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का एक जत्था अलग रवाना हुआ। होशियार सिंह दलाल ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। सरकार जब तक कृषि कानूनों को वापस नहीं लेती, तब तक किसान पीछे हटने वाला नहीं है।
पोली गांव में चल रहे भंडारे में खाना खाते पंजाब के किसान। अमर उजाला- फोटो : Jind
दनौदा कलां गांव में आयोजित बिनैन खाप की बैठक में पहुंचे लोग। अमर उजाला- फोटो : Jind
बीबीपुर गांव में पंचायत कर सरकार के खिलाफ रोष जताते ग्रामीण। अमर उजाला- फोटो : Jind