संडील गांव में पंचायत में भाग लेते किसान।
- फोटो : Jind
अलेवा। पेगां पैक्स मामले में संडील गांव के किसानों ने विधानसभा कूच को लेकर गांव में शनिवार को पंचायत का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता किसान अमरजीत ने की।
इस अवसर पर निर्णय लिया गया कि किसान सोमवार को विधानसभा सत्र में न्याय के लिए 90 विधायकों को चंडीगढ़ में ज्ञापन सौंपेेंगे और कीटनाशक दवा को साथ में लेकर जाएंगे। अगर इस दौरान प्रशासन द्वारा उनको रोकने का प्रयास किया गया तो किसान कीटनाशक दवा का सेवन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
किसान अमरजीत, ऋषिपाल व रमेश ने कहा कि जिला प्रशासन व एसआईटी जांच के नाम पर किसानों के साथ छलावा कर रही है। जबकि मंत्री अनूप धानक ने मामले को लेकर परिवेदना समिति की बैठक में एसआईटी बनाने के आदेश दिए थे। विभाग को मृतकों के नाम सहित सुबूत देेने के बावजूद किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जा रही है। गौरतलब है कि करीब डेढ़ साल पहले पेगां गांव स्थित पैक्स में उस समय एक बड़ा घोटाला सामने आया था, जब विभाग ने किसानों को राशि जमा कराने के लिए नोटिस थमाए थे। इस दौरान किसानों ने मामले को उठाया तो सामने आया कि पैक्स कर्मचारियों ने बैंक कर्मचारियों के साथ मिलकर किसानों के खातों से नकदी व खाद जारी करवा लिए। तब से मामले की जांच चल रही है। इस अवसर पर मागेंराम, रामकिशन, रामफल, छज्जूराम, महेंद्र, जगपाल, महिपाल, सुरेंद्र, चंादी, सुरेश मौजूद रहे।