27जेएनडी16: शहर की अनाजमंडी में लगे गेहूं के ढेर। संवाद
जींद। जिले की अनाज मंडियों में गेहूं का उठान रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। इस कारण मंडियों में लाखों क्विंटल गेहूं खुले में पड़ा है। मौसम बदलने की आशंका के बीच किसानों की चिंता बढ़ गई है। डिप्टी स्पीकर और डीसी की ओर से संबंधित एजेंसियों को उठान तेज करने के निर्देश दिए जा चुके हैं लेकिन जमीनी स्तर पर इसका असर नजर नहीं आ रहा।
जिले में अब तक 82.29 लाख क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है, जिसमें से लगभग 74 लाख क्विंटल की खरीद हुई है। हालांकि उठान की स्थिति संतोषजनक नहीं है। अब तक केवल 64 लाख क्विंटल गेहूं का ही उठान हो पाया है जबकि भुगतान भी धीमी गति से हो रहा है।
करीब 37 लाख क्विंटल गेहूं का ही भुगतान हो सका है जबकि कई किसानों को 10 दिन पहले बेचे गए गेहूं का भुगतान भी नहीं मिला है। मंडियों में उठान की धीमी रफ्तार के चलते गेहूं के ढेर लग गए हैं।
वर्जन
जिले में गेहूं खरीद कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। उठान के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं मंडियों में उपलब्ध करवाई गई हैं। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और समस्याओं का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
-मोहम्मद इमरान रजा, डीसी जींद।
इन एजेंसियों ने किया गेहूं का उठान
एजेंसीवार उठान की बात करें तो खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने करीब 77 हजार 148 मीट्रिक टन, हेफेड ने एक लाख 39 हजार 318 मीट्रिक टन, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने चार हजार 53 मीट्रिक टन और हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने 91 हजार 94 मीट्रिक टन गेहूं का उठान किया है।