22जेएनडी54-तहसील कार्यालय में काले बिल्ले लगाकर काम करते हुए पटवारी।
जींद। भ्रष्ट पटवारियों की सूची जारी करने के बाद पटवारियों की जारी तीन दिवसीय विरोध दो दिन और बढ़ गया है। अब पटवारी वीरवार और शुक्रवार को भी काली पट्टी बांधकर काम करेंगे और अपना विरोध दर्ज करवाएंगे। इस दौरान एडिशनल सर्कल का काम नहीं किया जाएगा। दो दिन के बाद बाद आगे का फैसला लेंगे।
बुधवार को पटवारियों की प्रदेश स्तरीय बैठक पंचकूला में हुई। जींद पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन के जिला प्रधान सूबे सिंह व प्रेस सचिव रविदत्त ने कहा कि 16 जनवरी को विभागीय जांच के बिना ही किसी अज्ञात एजेंसी से रिपोर्ट करवाकर पटवारियों को भ्रष्ट करार दिया गया, यह न्याय संगत नहीं है। उनकी मांग है कि इस लिस्ट को तुरंत प्रभाव से निरस्त किया जाए। पटवारियों ने कहा कि जब तक लिस्ट को निरस्त नहीं किया जाता, वह अपने मूल हलके को छोड़ किसी भी दूसरे हलके का काम नहीं करेंगे।
जिला प्रधान ने कहा कि बुधवार शाम को प्रदेश कार्यकारिणी की पंचकूला में बैठक हुई, जिसमें विरोध को दो दिन और आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। दो दिन और पटवारी पहले की तरह काले बिल्ले लगाकर रोष जाहिर करेंगे। वहीं दूसरी तरफ पटवारियों के एडिशनल सर्कल छोड़े जाने से लोगों के फ र्द निकलवाने, नक्शा बनवाने, जाति प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र सहित अन्य कार्य अटके हुए हैं।