नरवाना। शहर के वार्ड नंबर 9 के पटेल नगर की गली नंबर 13 के लोग पिछले आठ महीनों से अधूरी पड़ी सड़क के कारण परेशानी झेल रहे हैं। नप ने इस गली के निर्माण का टेंडर करीब 21 लाख रुपये में लगाया था लेकिन ठेकेदार ने केवल मिट्टी डालकर कार्य अधूरा छोड़ दिया।
इसके बाद से गली का निर्माण कार्य ठप पड़ा है। स्थानीय निवासी करतार, बलदेव और राजकुमार ने बताया कि अधूरे काम के कारण गली की हालत बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर अचानक बारिश हो गई तो मिट्टी कीचड़ में बदल जाएगी और गली में निकलना नामुमकिन हो जाएगा।
लोगों का कहना है कि पहले भी इस गली में नालों का गंदा पानी भर जाता था और अब अधूरे निर्माण कार्य ने उनकी मुसीबतें और बढ़ा दी हैं। वार्ड नंबर 9 के पार्षद बलजीत चोपड़ा ने बताया कि नगर परिषद द्वारा ठेकेदार को तीन बार नोटिस भेजे जा चुके हैं लेकिन इसके बावजूद भी ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया।
जब भी वार्डवासी या पार्षद ठेकेदार से संपर्क करते हैं तो वह केवल जल्द काम शुरू करने का आश्वासन देकर टाल देता है। उन्होंने कहा कि आठ महीने बीत जाने के बाद भी काम शुरू न होना नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। पार्षद चोपड़ा ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गली का कार्य जल्द पूरा करवाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
बॉक्स
गली निर्माण के दौरान घरों के गंदे पानी के नालों को लेकर समस्या थी क्योंकि टेंडर के अनुसार गली में बने दोनों साइड में जो गंदे पानी के नाले हैं उन्हें बंद किया जाना है और घरों का कनेक्शन जो गली के अंदर सीवरेज है उसमें किया जाना है जिसमें गली के लगभग 80 प्रतिशत कनेक्शन सीवरेज में कर दिए हैं। रहते कनेक्शनों को जल्द पूरा कर गली निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।–बलिंद्र, ठेकेदार
वर्जन
पटेल नगर की गली नंबर 13 के निर्माण में देरी का मामला नगर परिषद के संज्ञान में आया था। इस बारे में ठेकेदार से बात की गई है और उसने सोमवार से कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया है। नगर परिषद की ओर से इस बार काम की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि गली का निर्माण जल्द पूरा हो सके।-सोमबीर, जेई, नगर परिषद नरवाना