फोटो 02जेएनडी02-रेलवे जंक्शन नरवाना, जहां से ट्रेन के आवागमन की मांग की गई है। संवाद
जींद। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए गीता जयंती एक्सप्रेस (11841-42) का विस्तार श्रीगंगानगर तक किए जाने की मांग उठी है। ट्रेन का विस्तार होने से नरवाना, जाखल और कैथल सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली और राजस्थान की ओर सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी।
फिलहाल गीता जयंती एक्सप्रेस सब्जी मंडी दिल्ली से कुरुक्षेत्र के बीच आवागमन करती है। यह ट्रेन जींद जिले के नरवाना क्षेत्र के साथ-साथ जाखल और कैथल क्षेत्र के यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण है।
यात्री अनिल कुमार, हिमांशु मेहरा, सुनील कुमार, सतबीर, रामनिवास, संदीप का कहना है कि ट्रेन का श्रीगंगानगर तक विस्तार होने से इन क्षेत्रों के लोगों को राजस्थान की ओर आवागमन के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी। उनका कहना था कि श्रीगंगानगर कृषि और व्यापारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है।
नरवाना, जाखल और कैथल क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों का विभिन्न कार्यों के लिए राजस्थान की ओर आना-जाना रहता है। ऐसे में मौजूदा ट्रेन को श्रीगंगानगर तक बढ़ाने से यात्रियों को सीधा लाभ मिल सकता है और उन्हें बीच के स्टेशनों पर ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यात्रियों ने रेलवे से मांग की है कि क्षेत्र की जरूरत और यात्रियों की संख्या को देखते हुए गीता जयंती एक्सप्रेस के विस्तार की संभावना पर विचार किया जाए। साथ ही ट्रेन के विस्तार से किन-किन स्टेशनों को जोड़ा जा सकता है, इसका भी सर्वे कराया जाए।
वर्जन
गीता जयंती एक्सप्रेस फिलहाल सब्जी मंडी से कुरुक्षेत्र के बीच चलती है। इस ट्रेन के विस्तार की मांग की जा रही है। ट्रेन का विस्तार होने पर उसे समयसारिणी अनुसार चलाया जाएगा।
-रणधीर नैन, अधीक्षक, रेलवे जंक्शन जींद