शहर की सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित एसडी शिक्षण संस्था में कथिततौर पर अधिक फीस वसूलने का मामला अदालत जा पहुंचा है। यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों ने इस मामले को अदालत में चुनौती दी है। इसके लिए अदालत में संस्था के प्राचार्य रमेश शर्मा और प्रशासक एसडीएम योगेश कुमार को जवाब देने के लिए सात जनवरी का नोटिस दिया है।
कुछ माह पहले भी अभिभावकों ने अधिक फीस वसूलने के आरोप लगाते हुए स्कूल में हंगामा किया था। इसके बाद एसडीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए थे।
अभिभावकों का आरोप है कि सूचना के अधिकार कानून के तहत स्कूल द्वारा दी जानकारी में जिन कक्षाओं की निर्धारित फीस महज 10 से 12 रुपये बताई गई है, उनके लिए स्कूल 400 से 800 रुपये प्रतिमाह तक फीस वसूली जा रही है।
अब अदालत में शिकायत करने वाले अभिभावक नरेश कुमार, सुशील, नरदेव व जितेंद्र ने कहा कि स्कूल में चल रहे लूट के इस खेल के लिए वे अधिकारियों से लेकर सीएम विंडो तक में शिकायत दे चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
इन लोगों का कहना है कि तीन दिन पहले बीईओ ने भी स्कूल प्रशासन को फीस की रसीद देने के आदेश दिए हैं, लेकिन अभिभावकों को रसीद नहीं मिली है।
अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में गरीब विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, लेकिन प्रबंधन अपनी मर्जी से मनमानी फीस वसूल रहा है। इसको लेकर अदालत में याचिका दायर की गई है। इस पर माननीय अदालत ने स्कूल के प्राचार्य और प्रशासन को सात जनवरी तक जवाब देने को कहा है।
विनोद बंसल, याचिकाकार्ता के वकील