जींद। व्यापारी प्रतिनिधियों की एक आवश्यक बैठक शनिवार को हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष तथा हरियाणा कॉन्फेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में सफीदों रोड पर हुई। बैठक में व्यापारी व किसानों की समस्या पर विचार-विमर्श किया गया।
गर्ग ने कहा कि धान खरीद में करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ है। सरकार को धान खरीद घोटाले की सीबीआई से जांच करवानी चाहिए। सरकार ने धान का एमएसपी 2320 रुपये तय किया है, मगर किसानों को 100 से लेकर 350 रुपये प्रति क्विंटल कम मिल रहा है। आज भी किसानों का धान एमएसपी पर नहीं खरीदा जा रहा है। किसान मंडियों में 40 दिनों से धान बेचने के लिए धक्के खा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घोषणा की थी कि 10 अक्तूबर से धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल में खरीदा जाएगा, मगर सरकार 2320 रुपये में ही नहीं खरीद रही है। उनकी घोषणा झूठ का पुलिंदा सिद्ध हुआ है। अब अगली फसल बिजाई के लिए किसान खाद लेने के लिए धक्के खा रहे हैं। खाद लेने के लिए माताएं, बहनें, किसान सुबह चार-पांच बजे से देर रात तक लाइन में लग रहे हैं, मगर उनको खाद नहीं मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार 2320 रुपये प्रति क्विंटल धान की खरीद करे और उठान व तुरंत भुगतान करना सुनिश्चित करे। आढ़तियों की आढ़त व मजदूरों की मजदूरी भी 72 घंटे में अदा करनी चाहिए। इस दौरान व्यापार मंडल प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार गोयल, वैश्य समाज जिला प्रधान ईश्वर गोयल, जुलाना प्रधान पतराम तायल, उप प्रधान रामविलास मित्तल, प्रदेश सचिव निरंजन गोयल, युवा प्रधान नीरज गोयल, कैलाश गोयल, पवन बंसल मौजूद रहे।
26जेएनडी03-व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग व्यापारी प्रतिनिधियों को संबोधित करते हु