नरवाना। नई अनाज मेला मंडी में किसानों को पीआर धान का सरकारी रेट नहीं मिल रहा। नमी के नाम पर रेट में कटौती कर 2200 रुपये में धान खरीदा जा रहा है। इसके चलते किसान धान बेचने पंजाब जा रहे हैं। इसकी जानकारी मिलने पर कुछ मिलर्स को नोटिस भी दिया गया है।
वीरवार को मंडी में 22,113 क्विंटल धान की आवक हुई जबकि खरीद एजेंसियों की ओर से लगातार खरीद कार्य जारी है। वहीं, सब यार्डों में भी आवक और खरीद में तेजी बनी हुई है। धमतान साहिब सब यार्ड में 7,313 क्विंटल, गढ़ी में 1,990 क्विंटल, धनौरी में 943 क्विंटल, खरल में 1,837 क्विंटल और मंगलपुर में 848 क्विंटल धान की आवक दर्ज की गई।
खरीद एजेंसियों की बात करें तो डीएफएससी द्वारा नरवाना मंडी में 52,695 क्विंटल धान खरीदी गई। वहीं, सब यार्डों में धमतान साहिब में डीएफएससी द्वारा 7,985 क्विंटल, गढ़ी में वेयरहाउस द्वारा 2,550 क्विंटल, धनौरी में 220 क्विंटल, खरल में डीएफएससी द्वारा 5,094 क्विंटल और मंगलपुर में डीएफसी द्वारा 795 क्विंटल धान खरीदी गई।
उठान के आंकड़ों पर नजर डालें तो नरवाना मंडी से 26,249 क्विंटल, धमतान साहिब से 1,200 क्विंटल और धनौरी से 1,939 क्विंटल धान का उठान किया गया। इसके बावजूद नरवाना मंडी में अभी भी 84,051 क्विंटल धान बिना खरीद के पड़ी है। अगर सब यार्डों को जोड़ लिया जाए, तो यह आंकड़ा 1,14,320 क्विंटल तक पहुंच जाता है।
एक किसान ने बताया कि उन्होंने पंजाब में धान बेचकर प्रति एकड़ 15000 रुपये का मुनाफा हुआ है। वह सुबह जाकर शाम तक लौट भी आए। कुछ स्थानों पर धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सीधे मिलों तक जा रही हैं, जो नियमों के विरुद्ध है।
पंजाब की ओर किसानों का रुख
नरवाना उपमंडल के कई गांवों के किसान अब धान बेचने के लिए पंजाब की मंडियों का रुख कर रहे हैं। बडनपुर गांव के एक किसान ने बताया कि नमी के नाम पर उनकी धान को मंडी में 2200 रुपये प्रति क्विंटल खरीद रहे थे लेकिन उन्होंने इस रेट में नहीं देकर पंजाब में 116 क्विंटल धान बेचनी पड़ी। मिलर्स उन्हें केवल 2200 रुपये प्रति क्विंटल की दर दे रहे हैं। इससे उन्हें भारी नुकसान हो रहा है। वहीं, पंजाब की मंडियों में धान 2379 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रही है।
वर्जन
किसानों को उनकी फसल के सही मूल्य देने व पंजाब में बेचने की बात संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा तो इसकी जांच करवाई जाएगी। यदि किसानों को खरीद एजेंसी, मिलर्स या अन्य किसी वजह से परेशानी आ रही तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। –जगदीश चंद्र, एसडीएम नरवाना