फोटो 9 नरवाना। रात्रि ठहराव के दौरान समस्यासुनती डीसी डॉ वैशाली शर्मा। स्रोत प्रशासन
नरवाना। गांव रसीदां में जिला प्रशासन की ओर से रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीसी डॉ. वैशाली शर्मा और एसपी कुलदीप सिंह ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष कुल 47 शिकायतें व समस्याएं रखीं।
ग्रामीणों की प्रमुख समस्याओं में बुढ़ापा व दिव्यांग पेंशन, परिवार पहचान पत्र में दर्ज आय, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र में संशोधन व बिजली से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया जबकि शेष मामलों में अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को गांवों तक पहुंचाकर लोगों को घर-द्वार पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाना है। ऐसे कार्यक्रमों से अधिकारियों को ग्रामीणों की जमीनी समस्याओं को समझने का अवसर भी मिलता है।
एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि पंजाब सीमा से लगते गांवों में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ी है। पंचायत और ग्रामीण पुलिस के अभियान में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम से पहले अधिकारियों ने पौधारोपण भी किया।
फोटो 9 नरवाना। रात्रि ठहराव के दौरान समस्यासुनती डीसी डॉ वैशाली शर्मा। स्रोत प्रशासन