जींद। महाराज अजमीढ भवन एवं सुनार धर्मशाला के निर्माण के लिए घोषित 11 लाख रुपये की सरकारी ग्रांट एक सप्ताह के अंदर जारी करवाई जाएगी। यह आश्वासन कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने शनिवार को विश्राम गृह नरवाना में उनसे मिलने पहुंचे मेढ सुनार सभा के प्रतिनिधिमंडल को दिया।
सभा के प्रधान सतनारायण सोनी और महासचिव डॉ. राममेहर वर्मा ने बताया कि 11 जनवरी को मकर संक्रांति पर महाराज अजमीढ भवन एवं सुनार धर्मशाला में आयोजित सफाई कर्मचारी सम्मान समारोह में पहुंचे मंत्री कृष्ण बेदी ने भवन के निर्माण और विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये की ग्रांट देने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के तहत प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर राशि जल्द जारी करवाने का अनुरोध किया। डॉ. राममेहर वर्मा ने कहा कि महाराज अजमीढ़ भवन एवं सुनार धर्मशाला समाज की महत्वपूर्ण धरोहर है। इसके निर्माण से समाज के लोगों को सामाजिक, धार्मिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने ग्रांट जारी करवाने का आश्वासन देने पर मंत्री का आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल में सभा के प्रधान सतनारायण सोनी, महासचिव डॉ. राममेहर वर्मा, सह कोषाध्यक्ष यशपाल सिंह और ऑडिटर मनफूल वर्मा मौजूद रहे।