27जेएनडी24-पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना को एनएसपी पर शिफ्ट करने का विरोध करते हुए। स्रोत संस
नरवाना। युवा जन जागृति संगठन की छात्रा इकाई ने पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) पर स्थानांतरित करने का विरोध किया है। संगठन की बैठक शनिवार को केएम राजकीय महाविद्यालय में ममता सरोहा सुरजाखेड़ा की अध्यक्षता में हुई।
बैठक के बाद छात्राओं ने कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के नाम ज्ञापन उनके निजी सहायक जसवीर कलौदा को सौंपा। उन्होंने मांग की कि योजना को हर छात्रवृत्ति पोर्टल पर ही जारी रखा जाए। बैठक में छात्राओं ने कहा कि एक अगस्त से यह योजना हर छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से संचालित हो रही थी और हजारों छात्रों ने आवेदन भी कर दिए थे लेकिन पिछले एक सप्ताह से पोर्टल पर यह योजना गायब थी।
उच्चतर शिक्षा विभाग से जानकारी मिली कि वेलफेयर विभाग ने इसे एनएसपी पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। छात्राओं ने कहा कि योजना को राष्ट्रीय पोर्टल पर डालने से कई जटिलताएं उत्पन्न होंगी।
स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान संभव नहीं होगा और छात्रों को दिल्ली जाकर शिकायत दर्ज करनी पड़ेगी। साथ ही एनएसपी पोर्टल सीमित समय के लिए खुलता है ऐसे में परिवार पहचान पत्र जैसी त्रुटियों को समय रहते ठीक कर पाना मुश्किल होगा।
छात्राओं ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से यह योजना हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा विकसित हर छात्रवृत्ति पोर्टल से सुचारू रूप से संचालित हो रही है और समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर मिल जाता है।
अब इसे एनएसपी पर डालने से प्रदेश के हजारों छात्रों को परेशानी होगी। इस मौके पर संतोष जांगड़ा, अंजू, नीलम राणा, ऊषा देवी, रवीना, ज्योति, सुमिता, जैसमिन और मनीषा मौजूद रहीं।