त्योहारी सीजन के दौरान मिठाई की आड़ में लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार की खिलवाड़ नहीं हो, इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने इस बार सख्त रवैया अपनाया है।
दुकान के बाहर खुले में स्टाल लगाकर मिठाइयों की बिक्री करने वालों से स्वास्थ्य विभाग सख्ती से निपटेगा।
खुले में बिक रही मिठाइयों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा नष्ट किया जाएगा। सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य विभाग को यह आदेश जारी कर दिए हैं। मंगलवार से खुले में बिक रही मिठाइयों को नष्ट करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा छापेमारी की जाएगी।
त्योहारी सीजन के दौरान नकली व मिलावटी मिठाइयों के साथ-साथ खराब मिठाइयों की बिक्री भी जोरों पर होती है। सिविल सर्जन के आदेशानुसार मिठाइयों के खुले में बिकने तथा रंगीन मिठाइयों पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
खुले में मिठाइयां रखी होने के कारण मिठाइयों पर गंदगी जम जाती है तथा मच्छर व मक्खियां भी मिठाई पर बैठे रहते हैं। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
इसलिए स्टाल पर खुले में मिठाइयों की बिक्री करने तथा रंगीन मिठाइयों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंद लगाया गया है। मिलावटी मिठाइयों की बिक्री को रोकने के लिए भी विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। यदि कोई भी दुकानदार खुले में मिठाई की बिक्री करता मिलता है तो उसकी सारी मिठाई को जब्त कर नष्ट कर दिया जाएगा।
डॉ. दीपा जाखड़ा, सिविल सर्जन
सामान्य अस्पताल, जींद