जींद। जिला प्रशासन ने दिवाली पर सात और आठ नवंबर को ही निर्धारित समय के दौरान प्रमाणित ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति होगी। सुबह छह से सात बजे और रात आठ से दस बजे तक ही आतिशबाजी की जा सकेगी। इसके बाद नौ नवंबर से पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। वहीं, पटाखों की ऑनलाइन बिक्री और खरीद पर भी रोक लगाई गई है।
जिले में केवल सीएसआईआर-नीरी से प्रमाणित और पीईएसओ से लाइसेंस प्राप्त ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति होगी। प्रत्येक पटाखा बॉक्स पर सील और विशिष्ट नॉन-ट्रांसफरेबल क्यूआर कोड होना अनिवार्य है। क्यूआर कोड स्कैन करने पर निर्माता, नीरी पंजीकरण और लाइसेंस की जानकारी मिल सकेगी। बेरियम युक्त, गैर-अनुमोदित और लड़ियों वाले पटाखों के निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक रहेगी।
नियमों का पालन करवाने के लिए जींद, जुलाना, सफीदों, उचाना और नरवाना में एसडीएम और डीएसपी के नेतृत्व में संयुक्त निरीक्षण व गश्त टीमें गठित की गई हैं। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से दिवाली से पहले, त्योहार के दौरान और बाद में वायु गुणवत्ता की निगरानी की जाएगी। जिला प्रशासन ने दुकानदारों और नागरिकों को चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई होगी। उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के लाइसेंस रद करने और सिक्योरिटी राशि जब्त करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
300 मीटर के दायरे में नो-क्रैकर जोन
अस्पतालों, नर्सिंग होम, शिक्षण संस्थानों, वृद्धाश्रमों और अन्य शांत क्षेत्रों के 300 मीटर के दायरे को नो-क्रैकर जोन घोषित किया गया है। यहां पटाखे चलाने की अनुमति नहीं होगी। जिले की सीमाओं पर अवैध और पारंपरिक पटाखों की आवाजाही रोकने के लिए वाहनों की विशेष जांच की जाएगी।
वर्जन
सर्दियों में पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर बढ़ने से बच्चों, बुजुर्गों और सांस व हृदय रोगियों को परेशानी होती है। इसे देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 और विस्फोटक अधिनियम के तहत आदेश जारी किए गए हैं।
-डॉ. वैशाली शर्मा, डीसी एवं जिला मजिस्ट्रेट जींद