सफीदों। भंभेवा गांव में बाइक सवार व्यक्ति से मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने पर सफीदों थाना पुलिस ने नूरन खेड़ा सोनीपत निवासी संजय को नामजद कर एक अन्य युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरिगढ़ गांव निवासी राजेश ने सरफाबाद पुलिस चौकी में दी शिकायत में बताया कि वह बाइक पर भंभेवा गांव से अपना काम निपटाकर अपने गांव लौट रहा था। जब वह राजा वाली सड़क पर गांव सिवानामाल की तरफ निकला ही था कि उसकी बाइक के पीछे से दो लड़के बाइक पर सवार होकर बराबर में आए। पीछे बैठे हुए लड़के ने अपने हाथ में लिए डंडे से मेरे कंधे पर अचानक चोट मारी। उसने एकदम से बाइक को रोका तो दोनों युवकों ने उस पर हमला बोल दिया और कहा कि तेरे को जान से मारेंगे। उसी वक्त सिवानामाल गांव की तरफ से एक कार आ रही थी, जिसको देखकर दोनों युवक बाइक पर भंभेवा गांव की तरफ भाग गए। काफी खोजबीन करने के पश्चात पता चला है कि हमला करने वाले युवकों में से एक युवक नूरन खेड़ा गांव निवासी संजय है। सफीदों थाना पुलिस ने राजेश की शिकायत पर संजय को नामजद कर एक अन्य के खिलाफ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।