: पुलिस गिरफ्त में इनामी बलजीत पोंकरी खेड़ी व उसके दो साथी।
- फोटो : Jind
जींद। रोहतक रोड पर 23 नवंबर को ठेकेदार श्यामसुंदर की हत्या करने वाले एक लाख के इनामी बदमाश बलजीत पोंकरी खेड़ी और उसके दो साथियों कुलदीप खंदराई व मनजीत मुंढाल को जींद सीआईए ने नागालैंड के दीमापुर से गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को जींद लाया जा रहा है। इस मामले में जींद सीआईए आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आए हैं।
23 नवंबर को रोहतक रोड पर चौड़ी गली में ठेकेदार श्यामसुंदर अपने मकान के बाहर चाय पी रहे थे। इस दौरान तीन बदमाशों ने उनकी गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में शहर थाना पुलिस ने 12 लोगों को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन मुख्य आरोपी एक लाख का इनामी बदमाश बलजीत पोंकरी खेड़ी फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी के लिए एएसपी कुलदीप के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। दो माह बीतने के बाद अब नागालैंड के दीमापुर से बलजीत पोंकरीखेड़ी की दो सहयोगियों के साथ गिरफ्तारी हुई है। नागालैंड में आरोपियों के छिपे होने की सूचना मिलने पर सीआईए प्रभारी अनूप सिंह ने एसटीएफ की टीम को साथ लेकर उसके ठिकानों पर दबिश दी। दीमापुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई को अंजाम देते हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी बलजीत पोंकरी खेड़ी को दो अन्य सहयोगियों के साथ काबू करके दीमापुर अदालत में पेश किया है। जिसे जींद सीआईए टीम ने ट्रांजिट रिमांड पर हासिल कर लिया है और उनको लेकर वापस आ रही है।