जींद। थाना जुलाना के अंतर्गत गांव पोली में सतीश को जान से मारने की नियत से गोली मारने के आरोप में पोली गांव के ही रोहित उर्फ मनीष को गिरफ्तार किया गया है।
पांच जुलाई को पुलिस में दी शिकायत में सतीश ने कहा था कि करीब डेढ़ साल पहले उसके बड़े लड़के मोहित की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें सात आरोपी जेल में बंद हैं और कुछ आरोपी बाहर हैं। रात करीब साढ़े दस बजे तीन व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधे हुए बाइक पर उसके घर की तरफ देखते हुए गुजरे। रात पौने एक बजे उसके ऊपर गोली चलाई जो कि छत की मुंडेर पर जा लगी।
थाना प्रभारी निरीक्षक समरजीत सिंह के नेतृत्व में आरोपी रोहित उर्फ मनीष को काबू किया गया। आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल 315 बोर व दो कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी को अदालत में पेश करके 14 दिन न्यायिक हिरासत के लिए जेल भेज दिया है।