जींद। मंगलवार को गोविंदपुरा निवासी एक 55 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत हो गई। जिले में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। वहीं 61 नए मरीज संक्रमित मिले हैं। सैंपल के आधार पर देखा जाए तो जिले में पहली पर 21.32 प्रतिशत लोग पहली बार संक्रमित मिले हैं। मंगलवार को 286 लोगों की रिपोर्ट मिली थी, जिसमें 61 की पॉजिटिव है।
उल्लेखनीय हे कि जिले में सितंबर महीने में एक बार 100 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, लेकिन वह 880 रिपोर्ट में से थी। वह प्रतिशत भी 11.36 ही था।
एक सप्ताह पहले गोविंदपुरा निवासी एक महिला को पीजीआई रोहतक में दाखिल करवाया था। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। मंगलवार सुबह महिला की मौत हो गई। जिले में संक्रमितों की संख्या 3259 पहुंच गई है। वहीं 2890 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। जिले में 55 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि इस समय 314 लोग संक्रमित हैं। इनमें से 26 लोग नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक जिले के 91135 लोगों के सैंपल लिए हैं। मंगलवार को 821 लोगों के सैंपल लिए गए हैं।
लोग बरत रहे लापरवाही
एसएमओ डॉ. गोपाल गोयल ने कहा कि इस समय लोग लापरवाही अधिक बरत रहे हैं। इस कारण अधिक मामले सामने आ रहे हैं। बाजार और भीड़ के स्थानों से लोगों को बचना चाहिए। इसके अलावा हर समय मास्क लगाए रखना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति बाजार से घर जाता है तो उसको घर जाते ही स्नान करना चाहिए तथा कपड़े धो लेने चाहिए। इस समय सावधानी की अधिक आवश्यकता है।