शनिवार शाम को बाईपास पर क्रेटा गाड़ी के टायर में गोली मारकर एक करोड़ रुपये लूटने की शिकायत देने की झूठी कहानी रचने वाले झज्जर निवासी अजय कुमार व कड़ौदा निवासी संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की गुत्थी को पुलिस ने दोनों से कड़ी पूछताछ कर आठ घंटे में सुलझाने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस अब दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करेगी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि रोहतक रोड नया बाईपास असरफगढ़ के पास स्विफ्ट गाड़ी में सवार तीन युवकों ने क्रेटा गाड़ी पर तीन गोलियां चलाकर एक करोड़ रुपये लूट लिए हैं। पुलिस ने मौके पर जाकर मामले की जांच की तो वहां पर न तो गाड़ी पर गोलियों के निशान मिले और न ही कोई खाली खोल बरामद हुआ। पुलिस एसएफएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस को शिकायतकर्ताओं पर ही मामले को लेकर संदेह हुआ। इसमें पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के मोबाइल कॉल निकाली तथा लोकेशन का पता किया। इसमें दोनों के बताए अनुसार लोकेशन मेल नहीं खा रही थी। पुलिस का संदेह मोबाइल रिकार्डिंग व उनके बयानों पर बढ़ गया। पुलिस ने दोनों से कड़ी पूछताछ की तो उन्होंने कहा कि उन्होंने लूट की झूठी कहानी रची थी।
झज्जर निवासी अजय ने बताया कि उसे अपने दनौदा निवासी दोस्त राममेहर को एक करोड़ रुपये देने थे। इसमें 40 लाख रुपये मेहर के उधार के थे और 60 लाख रुपये वह उससे उधार लेना चाहता था। वह राममेहर को पैसे देने के लिए हामी भर चुका था, मगर उसके पास इतने पैसे नहीं थे कि वह दोस्त को दे सके। दूसरी तरफ वह दोस्त को मना भी नहीं कर पा रहा था। उसके पास पैसे न देने के लिए कोई दूसरा रास्ता नहीं था, इसलिए वह राममेहर को पैसे देने से कुछ दिन बचने के लिए लूट की मनगढंत कहानी रची।
रोहतक से जींद चार घंटे में पहुंचे दोनों युवक
जींद से रोहतक की दूरी लगभग 60 किलोमीटर है। रोहतक से जींद पहुंचने में गाड़ी को लगभग एक घंटा लग जाता है। पुलिस ने जब दोनों की मोबाइल लोकेशन खंगाली तो शाम को चार बजे दोनों रोहतक से चले। जींद आते-आते उनको रात के आठ बज गए। इससे भी पुलिस को संदेह हुआ कि दोनों ने जींद पहुंचने में चार घंटे कैसे लगाए। रास्ते में उन्होंने झूठी घटना बनाई।
अजय है अच्छा व्यवसायी
झज्जर निवासी अजय का अच्छा खासा व्यवसाय है। उसका झज्जर में एक होटल और एक सोलर पैनल का शोरूम भी है। अजय और दनौदा निवासी राममेहर ने गुरुग्राम में साझे में फ्लैट का निर्माण किया था। इसमें अजय ने राममेहर को 40 लाख रुपये हिस्से के देने थे और राममेहर ने अन्य किसी दूसरे काम के लिए अजय से 60 लाख रुपये उधार के भी मांगे थे। वहीं साजिशकर्ता दूसरा आरोपी संदीप आपराधिक प्रवृत्ति का है। वह पिछले 23 महीने से जेल में था। पुलिस उसका रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है।