नीदरलैंड की आईटी कंपनी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 20 लाख रुपये हड़पने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। दूसरे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
अनूपगढ़ गांव निवासी तेज कुमार ने 10 अगस्त को सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2019 में वह गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। इस दौरान उसका संपर्क नोएडा में रहने वाले यूपी के फतेहगढ़ की दुर्गा कॉलोनी के भोलेपुर निवासी नरेंद्र और उसके बेटे सुमित कुमार, अजय सिंह और एक अन्य व्यक्ति से हुआ। उन सभी ने उसको विश्ववास दिलाया कि वह उसको नीदरलैंड भेजकर आईटी कंपनी में नौकरी दिलवा देंगे। इसके लिए उसे 20 लाख रुपये देने होंगे। इस पर दोनों के बीच सहमति हो गई और उसने व्यवस्था करके 20 लाख रुपये दे दिए। इसके लिए उसने अपनी ढाई एकड़ पुश्तैनी जमीन बेचकर दी।
पीड़ित ने बताया कि उसको 10 सितंबर 2019 को फ्लाइट के माध्यम से नीदरलैंड रवाना कर दिया गया। वहां पहुंचने के बाद जब उसके दस्तावेजों की जांच की गई तो वह अधूरे मिले। इस पर वहां से उसे भारत भेज दिया गया। यहां आने के बाद जब उसने उक्त लोगों से संपर्क किया और मामले की जानकारी देकर रुपये मांगे तो उन्होंने रुपये लौटाने से मना कर दिया। पुलिस ने उस समय नरेंद्र, सुमित, अजय व एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले में अब नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।