जींद। जार्जिया का वीजा लगवाने का झांसा देकर तीन लोगों ने लोहचब गांव के एक व्यक्ति से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। सदर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है ।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में लोहचब निवासी महेंद्र ने बताया कि डेयरी मोहल्ला रोहतक निवासी कृष्ण कुमार उनका मौसा लगता है। अक्तूबर 2023 में उसने बताया था कि उनका जानकार रोहतक निवासी यासिन विदेश भेजने का काम करता है। वह उनका वीजा जार्जिया का लगवा सकता है। इसके बाद उसने यासिन से बातचीत करवाई। यासिन ने उनको हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के ढलवान निवासी नितिन शर्मा से बातचीत करवाई। उसने बताया कि जार्जिया का वीजा लगवाने के लिए तीन लाख 30 हजार रुपये लगेंगे। इसके बाद उसने आरोपियों को रुपये दे दिए, लेकिन उन्होंने उसे विदेश नहीं भेजा और न ही रुपये लौटाए। इसको लेकर कई बार पंचायत हुई, तो उन्होंने कुछ रुपये लौटा दिए। उन्होंने डेढ़ लाख रुपये बाद में देने की बात कही, पर नहीं दिए। जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि डेयरी मोहल्ला रोहतक निवासी कृष्ण कुमार, यासिन और हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के ढलवान निवासी नितिन शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।