27जेएनडी21: जैन स्थानक महावीर में कथा करती जैन साध्वी। स्रोत श्रद्धालु
नरवाना। एसएस जैन सभा की ओर से पतराम नगर स्थित जैन स्थानक में आयोजित भगवान महावीर कथा का शुक्रवार को छठा दिन रहा। कथा के दौरान भगवान महावीर के जन्म प्रसंग को विस्तार से सुनाया। इसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
कथा स्थल पर संयम शिरोमणी जैन भारती महासाध्वी सुशीला कुमारी महाराज विराजमान रहीं। उनके सान्निध्य में अन्य जैन साध्वियों द्वारा प्रवचन दिए जा रहे हैं। ओजस्वी वक्ता विदुषी महासाध्वी शुभिता महाराज ने युवक-युवतियों को धर्म का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि नयसार की जीवात्मा ने 27 भावों की यात्रा पूरी करने के बाद देवानंदा माता की कुक्षि में साढ़े 82 दिन-रात व्यतीत किए। इसके बाद आश्विन कृष्ण त्रयोदशी की मध्य रात्रि में जीवात्मा का स्थानांतरण माता त्रिशला के गर्भ में हुआ। चैत्र शुक्ला त्रयोदशी के दिन भगवान महावीर का जन्म हुआ।
कार्यक्रम के दौरान बाल कलाकारों ने भगवान महावीर के जीवन पर आधारित सुंदर झांकी प्रस्तुत की। एसएस जैन सभा के प्रधान नरेश जैन ने अपने जन्मदिन के अवसर पर बाल कलाकारों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उपाध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि 31 मार्च को इसी स्थानक में भगवान महावीर जयंती मनाई जाएगी।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि 31 मार्च तक प्रतिदिन कथा में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करें। इस अवसर पर प्रधान नरेश जैन, उपाध्यक्ष संजय जैन, महामंत्री प्रवीण जैन, सहमंत्री राहुल जैन, कैशियर शुभम जैन, ऑडिटर पुनीत जैन मौजूद रहे।