जींद। रोहतक रोड स्थित शिव पब्लिक स्कूल में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बंसीलाल की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर, ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
उन्होंने चौधरी बंसीलाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान हरियाणा के विकास में उनके योगदान को याद किया और भारत रत्न देने की मांग उठाई।
मध्य उत्तरी हरियाणा विकास संगठन, जींद की युवा प्रदेशाध्यक्ष वृंदा शर्मा ने कहा कि चौधरी बंसीलाल ने अपने राजनीतिक जीवन में हरियाणा के विकास को नई दिशा दी। उनके कार्यकाल में गांवों को सड़कों से जोड़ने, बिजली पहुंचाने, पशु अस्पताल और स्कूल खोलने और शहरों में कॉलेजों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए। इसी कारण उन्हें हरियाणा निर्माता के रूप में सम्मान दिया जाता है।
वृंदा शर्मा ने चौधरी बंसीलाल को भारत रत्न देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विकास में उनके योगदान को देखते हुए केंद्र सरकार को उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
विकास पुरुष चौधरी बंसीलाल संगठन जींद के प्रदेशाध्यक्ष शिव नारायण शर्मा ने कहा कि चौधरी बंसीलाल ने ईमानदारी और स्पष्ट नीति के साथ प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी और हरियाणा की राजनीति में अलग पहचान बनाई।
इस अवसर पर विजय सिंह, राममेहर नंबरदार, रामभक्त पिंडारा, जयप्रकाश शर्मा, ओम सिंह नैन, ईश्वर सिंगला, चंद्रपाल शर्मा, पं. पृथ्वीराम, धर्मवीर प्रजापत, रामफल नंबरदार, रमेश शर्मा बुआना, मोनिका मलिक, स्वीटी, मुकेश मलिक और ज्योति मौजूद रहे।