जींद। लघु सचिवालय के सभागार में सीटीएम मोनिका रानी ने समाधान प्रकोष्ठ, सीएम विंडो, जनसंवाद और एसएमजीटी पोर्टल पर लंबित आमजन की शिकायतों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने विभागवार लंबित शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
सीटीएम ने कहा कि आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि कोई शिकायत निर्धारित समय सीमा से अधिक लंबित न रहे।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों के समाधान के लिए किसी अतिरिक्त प्रक्रिया की जरूरत नहीं है उनका अगले दो दिनों में निपटारा किया जाए। वहीं, लंबे समय से लंबित पुरानी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेकर जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित शिकायतों की नियमित निगरानी करने और स्वयं उनकी स्थिति की समीक्षा करने को कहा। सीटीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतों का निपटारा करना नहीं, बल्कि आमजन को समय पर राहत देना और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।
बिजली शिकायतों के लिए लगेंगे विशेष शिविर
सीटीएम ने बिजली विभाग के अधिकारियों को बिजली बिल, मीटर, कनेक्शन और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में लोगों को मौके पर शिकायत रखने और समाधान की सुविधा मिले, ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।