जींद। जिले की सड़क सुरक्षा, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान और सुरक्षित स्कूल वाहन नीति को लेकर वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार मे बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने किया। यहां रोड सेफ्टी चर्चा की गई।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले की सभी सड़कों पर यातायात सुचारू और सुरक्षित रहना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों पर उचित साइनएज, रिफ्लेक्टर, वाइट मार्किंग और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। चौराहों, मोड़, पुलों और अन्य ब्लैक स्पोर्ट पर स्पष्ट संकेतक पट्टियां लगाने के निर्देश दिए। वहीं वन विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि वे समय-समय पर सड़कों पर फैले वृक्षों की छंटाई सुनिश्चित करें, ताकि उनका विस्तार यातायात में बाधा न बने। उन्होंने यह भी कहा कि जो वृक्ष आवागमन में रुकावट पैदा कर रहे हैं, उन्हें उचित योजना के तहत पीछे शिफ्ट किया जाए। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्कूली बसों की नियमित जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी वाहन मानकों से अधिक भरा हुआ न हो। स्कूल वाहनों की सुरक्षा जांच स्कूल परिसर में ही हो, ताकि बच्चों और अध्यापकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में एडीसी विवेक आर्य, एसपी राजेश कुमार, एएसपी सोनाक्षी सिंह, एसडीएम सत्यवान मान व आरटीए गिरीश कुमार मौजूद रहे।