अलेवा। जिला प्रशासन ने शुक्रवार शाम गांव दुड़ाना में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया। डीसी मोहम्मद इमरान रजा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक और व्यक्तिगत 42 समस्याएं सुनीं। सभी समस्याओं के समाधान करने के लिए अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने बारे आदेश जारी किए गए।
कार्यक्रम के दौरान डीसी ने नागरिकों से कहा कि सरकार जन सेवा में समर्पित होकर कार्य कर रही है। समाधान शिविर के साथ ही लोगों के घर द्वार जाकर समस्या की सुनवाई करने के उद्देश्य से रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत प्रशासन गांवों में पहुंच रहा है। जिला प्रशासन हर समय नागरिकों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए तत्पर है। जिला प्रशासन की ओर से मुख्यालय व उप मंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें प्राप्त शिकायतों के निवारण की निरंतर मॉनिटरिंग भी की जा रही है। किसी भी नागरिक की किसी भी विभाग से संबंधित यदि कोई समस्या है तो वह बिना किसी हिचक के प्रशासन के समक्ष रखे, उनका समयबद्ध ढंग से समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे गांव के विकास में अपना योगदान दें। इस अवसर पर एसपी कुलदीप सिंह, एडीसी विवेक आर्य, एसडीएम जगदीश चंद्र, जिला परिषद के सीईओ अनिल दूहन, नगराधीश डॉ. आशीष देशवाल, जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, दुड़ाना की सरपंच सरबजीत कौर भी मौजूद रहे।
बॉक्स
यह शिकायतें पहुंची डीसी के पास
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में डीसी के सामने ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली और खेल समेत स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं रखीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीणों की ओर से जो समस्याएं रखी गई हैं, नियमानुसार पूरा करें ताकि ग्रामीणों सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सके। ग्राम पंचायत ने डीसी के सामने विकास कार्यों को लेकर अपना मांग पत्र भी रखा। ग्राम पंचायत की ओर से दिए गए मांग पत्र डीसी ने संज्ञान लेते हुए कहा सभी मांगों को संबंधित विभागों को भेजा जाएगा और विभागीय औपचारिकताएं एवं नियम पूरे करने वाली मांगों पर आगामी कार्रवाई के लिए संज्ञान लिया जाएगा।
बॉक्स
डीसी ने किया सरकारी स्कूल, पशु औषधालय और उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
डीसी ने रात्रि दरबार में समस्याएं सुनने से पहले दुड़ाना गांव के स्कूल में जाकर बच्चों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और स्कूल के प्रत्येक कमरे की जांच की। उन्होंने स्कूल प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि वह स्कूल के अंदर लाइट, शौचालय, साफ -सफाई इत्यादि की समुचित व्यवस्था रखे, ताकि यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो। इसके बाद डीसी ने राजकीय पशु औषधालय का भी मुआयना किया और चिकित्सक द्वारा पशुओं को दी जाने वाली दवाइयों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। दुड़ाना में बने उप स्वास्थ्य केंद्र का भी डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने निरीक्षण किया और गांव के लोगों को क्या-क्या सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, उनकी बारीकी से जांच की गई।