संवाद न्यूज एजेंसी।
नरवाना। वीरवार को आयोजित शिविर में आठ विभाग अनुपस्थित रहे। इस पर एसडीएम जगदीश चंद्र ने नाराजगी जताई। अनुपस्थित रहने पर विभागों को नोटिस जारी करने और कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। एसडीएम ने कहा कि सरकार की मंशा जनता को राहत देना है और ऐसे गैर-जिम्मेदाराना रवैये को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समाधान शिविर तहसील स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को लगाता जाता है। इसमें कुल 21 विभागों में से केवल 13 विभागों के अधिकारी ही मौजूद रहे। शिविर के दौरान नागरिक शिकायतें लेकर पहुंचे लेकिन कई विभागों के अनुपस्थित रहने से समस्याओं का तुरंत समाधान नहीं हो पाया।
एसडीएम ने मौके पर ही अनुपस्थित विभागों की सूची तैयार करवाई और कहा कि यह शिविर जनता के लिए लगाया जाता है न कि किसी औपचारिकता के लिए। उन्होंने कहा कि शर्म आनी चाहिए। यह न जनता की कद्र है और न अपने विभाग की जिम्मेदारी का एहसास।
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधि भेजकर काम नहीं चलेगा और अगली बार सभी विभाग प्रमुखों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। उन्होंने सभी विभागों को भविष्य में समय पर उपस्थित होने और शिकायतों का त्वरित निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह विभाग के अधिकारी रहे नदारद
तहसील, बीडीपीओ नरवाना, बीडीपीओ उझाना, पुलिस, पब्लिक हेल्थ, स्वास्थ्य विभाग, एनिमल हसबेंडरी, डीडब्लूओ विभाग के अधिकारी अनुपस्थित रहे।
वर्जन
समाधान शिविर में जो भी अधिकारी नहीं पहुंच रहे न उन सभी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला उपयुक्त को पत्र लिख दिया गया है। जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन, बीडीपीओ और नगर परिषद के ईओ को नोटिस जारी किया गया है।
- जगदीश चंद्र, एसडीएम नरवाना।