जींद। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि जिले में धान की खरीद प्रक्रिया लगातार चल रही हैं। जिले में कुल एक लाख 67 हजार 817 मीट्रिक टन धान की आवक दर्ज की गई है। प्रशासन की प्राथमिकता यह है कि किसानों को समय पर उचित मूल्य मिले और खरीद प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित हो। धान की खरीद में फूड एजेंसी ने अबतक एक लाख 34 हजार 763, हैफेड ने 27 हजार 121 और एचडब्लयूसी ने 5 हजार 933 धान की खरीद की है।
सबसे अधिक खरीद नरवाना मंडी में हुई, जहां 81 हजार 8 एमटी धान की खरीद दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त अलेवा, धमतान, पिल्लूखेड़ा और सफीदों जैसी मंडियों में भी बड़ी मात्रा में फसल की आवक हुई है। उन्होंने बताया कि फसल की आवक के साथ ही अब तक एक लाख 38 हजार 566 एमटी धान का उठान भी किया जा चुका है। इसमें फूड एजेंसी ने एक लाख 16 हजार 642 एमटी, हैफेड ने 21 हजार 95 एमटी और एचडब्लूसी ने 829 एमटी का उठान संपन्न कर लिया है।
मंडियों में भीड़ न बढ़े, इसको ध्यान में रखते हुए सबंधित अधिकारियों को उठान की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि खरीद से लेकर उठान और भुगतान तक की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम रहे। जिले का प्रशासन किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है और फसल खरीद में किसी भी प्रकार की रुकावट नहीं आने दी जाएगी।