जींद। जिले के 52 गांवों में जिम खोले जाएगे। इसके लिए 1.75 करोड़ की धनराशि सरकार ने जारी कर दी है। आठ गांवों में निर्माण कार्य शुरू हो गया है। धरोदी में तो 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। सरकार इनमें कसरत का सामान उपलब्ध कराएगी। पंचायती राज विभाग ने जिन-जिन गांवों से प्रस्ताव मिले हैं, उनमें टेंडर करके निर्माण कार्य शुरू करवा दिए हैं।
शहरों में जिम की सुविधा होती है लेकिन गांव इनसे अछूते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में हालांकि काफी होनहार प्रतिभाएं हैं। जिले के कई गांवों ने हर क्षेत्र में खिलाड़ी भी दिए हैं। लिहाजा सरकार ने गांवों में युवाओं की फिटनेस बेहतर बनाने के लिए जिम खोलने का निर्णय लिया है। इनमें लोग सुबह व शाम के समय कसरत करके अपने शरीर को फिट रख सकते हैं। फिलहाल जिले के 52 गांवों में जिम खोले जाएंगे। इसके लिए ग्राम पंचायत को स्थान उपलब्ध करवाना है। जिन गांवों में भवनों की कमी है, वहां भवन बनाए जाएंगे और जिन गांव में भवनों की मरम्मत की जरूरत होगी, वहां पर मरम्मत कराकर वहां जिम शुरू किया जाएगा। सरकार की तरफ से इसके लिए एक करोड़ 75 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इसके अलावा जिन-जिन गांवों से जिम खोलने के लिए प्रस्ताव आते जाएंगे, वहां-वहां पर जिम खोली जाएंगी। जिम में सभी तरह का सामान सरकार द्वारा उपलब्ध करवाया जाएगा। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की कसरत का ध्यान रखते हुए उसी अनुसार कसरत का सामान उपलब्ध होगा। इसके अलावा यहां पर बिजली व्यवस्था के लिए सोलर पैनल लगाए जाएंगे। यहां पर कमरों को वातानुकूलित भी बनाया जाएगा।
बॉक्स
इन गांवों में शुरू हुआ निर्माण का काम
अलेवा, बिघाना, डाहौला, नगूरां, बरसोला, बोहतवाला, दालमवाला, जीतगढ़, निर्जन, रुपगढ़, अकालगढ़, शामलो कलां, ढाबी टेकसिंह, कलौदा खुर्द, बेरी खेड़ा, बुढ़ाखेड़ा, ढाठरथ, मांडी खुर्द, मोहम्मद खेड़ा, पिल्लूखेड़ा, जयपुर, खातला, राम नगर, भोंगरा, डुमरखां खुर्द, कहसून, खटकड़, हमीरगढ़, खरमरामजी, लखमीरवाला, ब्राह्मणवास, बुढ़ाखेड़ा लाठर, करसोला, धरोदी, शिल्लाखेड़ी, सिंघाना व लोन के लिए टेंडर प्रक्रिया करवाकर काम शुरू करवा दिया है।
बॉक्स
इन गांवों से नहीं मिले प्रस्ताव
अमरगढ़, दनौदा खुर्द, ढाकल, फुलियां कलां, गुरुसर, कलौदा कलां, लोहचब, सच्चा खेड़ा, सुरजाखेड़ा व सुलहेड़ा, बुडायन, घोघडिय़ां, कालता व कुचराा खुर्द के प्रस्ताव अभी तक नहीं बने हैं। इन गांवों के प्रस्ताव मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी करके निर्माण कार्य शुरू करवाए जाएंगे।
वर्जन
फिलहाल जिले के 52 गांवों में जिम खोली जाएंगी। आठ गांवों में निर्माण कार्य शुरू हो चुका है जबकि 11 पंचायतों से प्रस्ताव अभी नहीं मिले हैं। अन्य सभी गांवों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिनका जल्द निर्माण शुरू होगा। हर प्रकार की कसरत करने का सामान भी उपलब्ध करवाया जाएगा। जिन-जिन गांवों से प्रस्ताव मिलते जाएंगे, जिम का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
-पीके शर्मा, एक्सईएन पंचायती राज विभाग।