जींद। राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए पहले चरण का नया शेड्यूल जारी हो गया है। 28 से 30 जुलाई तक होने वाली प्रतियोगिता के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। अब राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ की प्रतियोगिता का पहला चरण दो अगस्त से लेकर 4 अगस्त तक होगा। शुरू में जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार प्रथम चरण में 11 जुलाई से 13 जुलाई तक और 15 से 17 जुलाई तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में खेल प्रतियोगिताएं होनी थी जिसे बाद में आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया गया था।
इसके बाद यह प्रतियोगिताएं 28 से 30 जुलाई तक होनी थी लेकिन 26 और 27 जुलाई को सीईटी (कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट) को देखते हुए 28 से 30 जुलाई तक होने वाली प्रतियोगिताओं को फिर से स्थगित कर दिया गया। अब यह प्रतियोगिताएं दो अगस्त से लेकर चार अगस्त तक होंगी।
राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के चयन को लेकर जिला स्तर पर तीन और चार जुलाई को हुए ट्रायल के दौरान लगभग 1750 खिलाड़ियों ने आर्चरी, फुटबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फेसिंग और हॉकी सहित अन्य खेल में भाग लिया था। जिला खेल अधिकारी रामपाल हुड्डा ने कहा कि खेल विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार खेल महाकुंभ के प्रथम चरण में प्रतिभागिता करने वाले सभी खिलाड़ियों को एक अगस्त दोपहर बाद 3 बजे निर्धारित वेन्यू पर पहुंचना होगा।
दो से चार अगस्त तक होने वाले खेल महाकुंभ के प्रथम चरण का यह है शेड्यूल
जिला-खेल
1. पंचकूला-एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, हैंडबॉल
2. फरीदाबाद-शूटिंग, ताइक्वांडो
3. रोहतक-बॉक्सिंग, फुटबॉल, नेटबॉल, हॉकी (लड़कियों के मुकाबले)
4. गुरुग्राम-क्रिकेट, वेटलिफ्टिंंग
5. सोनीपत-टेनिस
6. अंबाला-स्विमिंग, जिमनास्टिक