संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। प्याज छीलते समय अब आंसू नहीं निकल रहे, लेकिन खरीदते समय गृहणियाें के आंसू निकल रहे हैं। प्याज के दाम आसमान छूने लगे हैं। प्याज के दामों ने गृहणियों की रसोई बजट बिगाड़ दिया है। पिछले एक सप्ताह से प्याज के दाम बढऩे लगे हैं। इस समय थोक में 60 रुपये प्रति किलोग्राम तक प्याज बिक रहा है, जोकि रिटेल में 70 रुपये प्रति किलो है। लगभग चार महीने पहले प्याज की कीमत मात्र दस से 15 रुपये किलो के बीच थी।
सब्जी मंडी में दुकानदारों ने बताया कि महाराष्ट्र की मंडी में प्याज के दामों में उछाल आया है। इसके चलते प्याज के दाम बढ़े हैं। खरीफ फसल की आमद में देरी हुई है, जिससे प्याज की उपलब्धता कम हुई है। प्याज की सप्लाई भी कम हो रही है। सप्लाई कम होने के कारण प्याज के दामों में बढ़ौतरी हुई है। प्याज के साथ टमाटर भी अब और लाल होने लगा है। टमाटर के भाव में कुछ दिनों से तेजी आई है। इन दिनों 30 रुपये प्रति किलो टमाटर का रेट है। सब्जी की दुकान पर प्याज का भाव पूछने पर एक बार तो ग्राहक सहम जाता है। हर रोज भाव में बढ़ोतरी हो रही है। गृहणियों का कहना है कि प्याज के भाव बढ़ने के बाद अब टमाटर के भाव बढ़ने से रसोई में लगने वाले तड़के में प्याज के बाद टमाटर भी गायब होने लगेगा।
बीते सप्ताह से दोगुना हुए भाव
सब्जी विक्रेता राजू, सचिन, जगपाल, राममेहर के अनुसार रिटेल में प्याज के भाव बीते सप्ताह प्याज के 30 रुपये प्रति किलो के आस-पास थे लेकिन इस सप्ताह हर रोज प्याज के भाव बढ़ रहे है। 60 रुपये प्रति किलो के भाव प्याज के रिटेल में है तो टमाटर के भाव भी कुछ दिनों से बढ़ कर 30 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। प्याज की फसल इस बार खराब होने से प्याज के भाव बढ़ने का कारण माना जा रहा है।
इतना महंगा कौन खाए
गृहणी रामरती, मूर्ति, सरोज गोयल व पूनम ने कहा कि टमाटर, प्याज के भाव बढ़ने से रसोई में तड़का महंगा हो रहा है। ऐसे ही प्याज के भाव बढ़ते रहे तो इतना महंगा प्याज कौन खाएगा। सरकार को प्याज का स्टोर करने वालों पर भी रोक लगानी चाहिए।