अब लोगों को वित्तीय (लोन) की योजनाओं की जानकारी लेने के लिए अब जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके लिए स्टेट लेवल बैंकर (एसएलबी) कमेटी की बैठक में प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर वित्तीय साक्षरता केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। इसके लिए सभी बैंकों को उनके केंद्र अलाट किए जा चुके हैं।
जींद जिले में एसएलबी के निर्णय के अनुसार 6 वित्तीय साक्षरता केंद्र खोले जाएंगे। ब्लॉक स्तर पर वित्तीय साक्षरता केंद्र खोले जाने के बाद लोगाें को वित्तीय योजनाओं की छोटी-छोटी जानकारियों को लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
आरबीआई के निर्देशानुसार लोगाें को वित्तीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रत्येक जिला स्तर पर वित्तीय साक्षरता केंद्र खोले गए थे। वित्तीय साक्षरता केंद्र खोले जाने का मुख्य उद्देश्य लोगाें को वित्तीय योजनाओं से संबंधित जानकारी देना था। ताकि लोगों को वित्तीय योजनाओं की जानकारी के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़े। अभी तक यह केंद्र केवल जिला स्तर पर ही स्थापित किए गए थे। इसीलिए अभी तक ग्रामीण क्षेत्र के लोगाें को वित्तीय जानकारी लेेने के लिए जिला मुख्यालय का रुख करना पड़ता था।
छोटी-छोटी जानकारी के लिए भी ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अपने सभी कामकाज छोड़कर शहर आना पड़ता था। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगाें को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। एसएलबी ने ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की परेशानियों को देखते हुए अब जिला मुख्यालय के अलावा ब्लॉक स्तर पर भी वित्तीय साक्षरता केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। मार्च 2015 तक सभी ब्लॉक पर यह केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए एसएलबी ने सभी बैंकों को उनके क्षेत्र भी अलाट कर दिए हैं। इस योजना के तहत जींद जिले में 6 वित्तीय साक्षरता केंद्र खोले जाएंगे।
ब्लॉक स्तर पर वित्तीय साक्षरता केंद्र खुलने के बाद ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को ब्लॉक स्तर पर ही सभी वित्तीय योजनाओं की जानकारी मुहैया हो जाएगी और उन्हें छोटी-छोटी जानकारियों के लिए अपने सभी कामकाज छोड़कर जिला मुख्यालय का रुख नहीं करना पड़ेगा।
ब्लॉक का नाम बैंक का नाम
1. उचाना स्टेट बैंक ऑफ पटियाला
2. पिल्लूखेड़ा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया
3. सफीदों कैनरा बैंक
4. जुलाना यूको बैंक
5. अलेवा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया
6. नरवाना ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स (ओबीसी)
एसएलबी कमेटी के निर्णय अनुसार जिन-जिन बैंकाें को जिस-जिस ब्लॉक पर वित्तीय साक्षरता केंद्र खोलने हैं उनको वह ब्लॉक अलाट किए जा चुके हैं। मार्च 2015 तक सभी ब्लॉक पर यह सेंटर स्थापित कर दिए जाएंगे। इन सेंटरों के खुलने के बाद लोगों को वित्तीय योजनाओं की जानकारी लेने के लिए जिला मुख्यालय पर स्थित सैंटरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ब्लॉक स्तर पर ही सभी जानकारियां उपलब्ध हो जाएंगी।
रतन, लीड बैंक मैनेजर
पंजाब नेशनल बैंक, जींद