जींद। जिले में कोरोना का ग्राफ बढ़ रहा है लेकिन वैक्सीन लगाए जाने को लेकर स्वास्थ्य विभाग फिलहाल कुछ करता हुआ नजर नहीं आ रहा है। इस समय स्वास्थ्य विभाग के पास कोविशिल्ड या फिर कोवैक्सीन की एक भी डोज नहीं है। वहीं बूस्टर डोज लगवाने को लेकर तो जिला के लोगों ने ही कोई रूचि नहीं दिखाई। पिछले एक माह से विभाग के पास वैक्सीन का स्टॉक खत्म पड़ा है। मुख्यालय डिमांड भेजी गई है लेकिन अभी तक वैक्सीन नहीं मिल पाई है। यदि किसी को विदेश जाना है और उन्हें वैक्सीन की डोज अनिवार्य है, वह भी वैक्सीन के लिए भटक रहे हैं। अप्रैल माह की बात करें तो मात्र 15 दिनों में ही कोरोना के 115 मामले सामने आए, जबकि ठीक होने वालों की संख्या 96 है। सबसे अच्छी बात यह है कि कोरोना संक्रमित मरीज तो मिल रहे हैं लेकिन ठीक होने वालों की संख्या भी साथ-साथ चल रही है।
गौरतलब है कि मार्च माह में कोरोना एक भी मरीज जिला में नहीं था। अप्रैल माह में स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग बढ़ाई तो कोरोना संक्रमित मिलने शुरू हो गए। जिला प्रशासन ने मास्क की अनिवार्यता को जरूरी किया लेकिन कोई इन आदेशों की पालना करते हुए नहीं मिला। भीड़भाड़ वाले इलाके में लोगों के बीच फिजिकल डिस्टेंसिंग तो कभी नजर ही नहीं आई। नागरिक अस्पताल, बस अड्डे और बाजार में लोग बिना मास्क के घूमते हुए नजर आते हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग के पास पिछले एक पखवाड़े से वैक्सीन का कोई स्टॉक नहीं है। कोवैक्सीन और कोविशील्ड की मुख्यालय से डिमांड की गई है लेकिन अभी तक जिले को वैक्सीन नहीं मिली है।
विदेश जाने वालों के लिए वैक्सीन अनिवार्य, नहीं लग पा रही डोज
जो लोग विदेश जाना चाह रहे हैं उनके लिए वैक्सीन की डोज अनिवार्य की गई है लेकिन जींद में वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें भटकना पड़ रहा है। वैक्सीन के लिए उन्हें दूसरे जिलों की तरफ कूच करना पड़ रहा है। वहां पर यह कहा जाता है कि उनके गृह जिले में वैक्सीन लगवाएं। जिसके चलते लोगों को परेशानी हो रही है। लोगों की मांग है कि जिले में वैक्सीन का स्टॉक जल्द भेजा जाए ताकि उन्हें परेशानी नहीं हो।
बॉक्स
एक सप्ताह में ठीक होने व संक्रमितों की संख्या
दिनांक केस मिले ठीक हुए
9 अप्रैल 00 00
10 अप्रैल 29 15
11 अप्रैल 06 13
12 अप्रैल 15 25
13 अप्रैल 21 10
14 अप्रैल 00 07
15 अप्रैल 18 05
16 अप्रैल 00 21
कुल 89 96
बॉक्स
जिले में अब तक 538584 सैंपल लिए गए हैं, जिनमेंअब तक 25561 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। कोरोना संक्रमण से जिला में 553 मौतें भी हो चुकी हैं। जबकि कोरोना को मात देकर 24990 मरीज ठीक हो चुके हैं। फिलहाल जिला में एक्टिव केसों की संख्या 18 है। एक पखवाड़े से स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन का स्टॉक खत्म है। इसे लेकर मुख्यालय को डिमांड भेज दी गई थी।
डॉ. नवनीत सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।
फोटो कैप्शन