जींद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन माह में 38 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इस दौरान नशा तस्करी से जुड़े 23 मुकदमें दर्ज किए गए हैं। आरोपियों की दो करोड़ 47 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज कराई है।
पुलिस प्रवक्ता राजेश कुमार ने बताया कि एक जनवरी से 27 मार्च 2026 तक की कार्रवाई में पुलिस ने 0.41864 ग्राम हेरोइन, 4.370 किलोग्राम चरस, 137.07 किलोग्राम गांजा और 385.91 किलोग्राम डोडापोस्त बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए जांच की जा रही है।
उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा के नेतृत्व में चार नशा तस्करों को डिटेन कर जेल भेजा गया। इसके अलावा छह मामलों में सात आरोपियों और उनके दो परिजनों की करीब दो करोड़ 47 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज कराई गई है।
पुलिस ने नशे के हॉट स्पॉट के रूप में धमतान साहिब, चमेला कॉलोनी (नरवाना) और रसीदा की पहचान कर बिजली विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाया। बिजली विभाग ने करीब 24 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। गांव लोहचब में भी विशेष सर्च अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।