जींद। जिले में नगर परिषद, नगर पालिका का चुनावी बिगुल बज चुका है। सोमवार को इनके लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो चार जून तक चलेगी। पुलिस प्रशासन ने नामांकन के दौरान शांति व्यवस्था के लिए कडे़ सुरक्षा इंतजाम किए हैं। हालांकि अभी तक किसी भी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। भाजपा और जजपा के अलग-अलग चुनाव लड़ने के कारण चुनाव और रोचक होने की उम्मीद है।
जींद और नरवाना में नगर परिषद तथा उचाना और सफीदों में नगर पालिका के चुनाव होने हैं। 19 जून को मतदान होगा तथा 22 जून को परिणाम घोषित किए जाएंगे। दो जून को अवकाश होने के कारण नामांकन के लिए केवल पांच दिन ही प्रत्याशियों को मिलेंगे। नामांकन प्रक्रिया सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक संबंधित नगर परिषद और नगर पालिका के अंतर्गत आने वाले एसडीएम कार्यालय में होगी। नामांकन पत्रों की जांच छह जून को होगी। सात जून तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। सात जून को ही चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसमें महिलाओं के लिए अनारक्षित वर्ग में व्यक्ति के लिए दसवीं कक्षा पास होना तथा महिला के लिए आठवीं पास होना जरूरी है।
रिटर्निंग अधिकारियों की तैनाती हुई
नामांकन प्रक्रिया के लिए जिला प्रशासन ने रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। जींद में एसडीएम गायत्री अहलावत को रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार अजय सैनी को सहायक रिटर्निंग अधिकारी, नरवाना के लिए एसडीएम प्रतीक हुड्डा को रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी, सफीदों के लिए एसडीएम सत्यवान मान रिटर्निंग अधिकारी एवं नायब तहसीलदार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी जबकि उचाना के लिए एसडीएम राजेश खोथ और तहसीलदार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी एसडीएम अपने-अपने कार्यालयों में आवेदन लेंगे।
सिंबल मिलने तक करना होगा इंतजार
किसी पार्टी की तरफ से लडने वाले उम्मीदवारों को अभी नामांकन के लिए इंतजार करना पड़ेगा। जिले में खासकर भाजपा, जजपा, कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी की तरफ से सिंबल पर चुनाव लड़ने की संभावना है इसलिए पार्टी से सिंबल मिलने के बाद ही ये नामांकन करेंगे।
पोस्टर, जनसंपर्क से जताने लगे दावेदारी
जींद, नरवाना, उचाना और सफीदों में चेयरमैन पद के लिए दावेदारों ने लोगों का मन टटोलना शुरू कर दिया है। जींद शहर में करीब 15 लोगों ने पोस्टर लगाकर अपनी दावेदारी भी जता दी है। इसी तरह अन्य जगहों पर भी दावेदार लोगों के बीच जाकर उनके मन की टोल ले रहे हैं। टिकट के लिए भी दावेदारों ने पार्टी हाईकमान से सिफारिशें शुरू कर दी हैं।
29जेएनडी06 : नगर परिषद जींद भवन का फोटो। संवाद।
29जेएनडी09 : चुनाव मैदान में जीत हासिल करने के लिए शहर की वोटों का अवलोकन करते एक प्रत्याशी के समर्थक। संवाद।