भगत सिंह कॉलोनी के लोग प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए।
- फोटो : bureau
भगत सिंह कॉलोनी की गली नंबर 4 ए में सीवरेज का बदबूदार पानी लोगों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। सीवर ओवरफ्लो होने के कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिससे तंग होकर गली के लोगों ने रोष प्रकट करते हुए जन स्वास्थ्य विभाग के प्रति नारेबाजी की। गली नंबर 4 ए वासी विक्की, राहुल, बिरेंद्र, मोहित, कमला, कांता, पाला, ओमपति, कन्नू, इंद्रों, कमलेश, बाला, मुन्नी, सरोज, विशाल ने बताया कि यह समस्या पिछलें कई वर्षों से लगातार जारी है। समस्या को लेकर विभाग को कई बार अवगत करवाने के बाद भी समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। लोगों ने कहा कि विभाग के चक्कर लगाकर थक चुके हैं और उनकी कहीं पर भी सुनवाई नहीं हुई। लोगों ने बताया कि सीवरेज की समस्या के कारण घर से बाहर निकलना दुर्भर हो गया है। छोटे बच्चों को चोट लगने का डर बना रहता है। लोगों ने कहा कि सीवरेज फ्लो की समस्या से सभी परेशान है। विभाग को इस ओर तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता है। बार बार विभाग को शिकायत करने के बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाता। जब समस्या बढ़ जाती है तो लोगों को प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ता है।
बीमारी फैलने की आशंका
बाला ने कहा कि गंदे पानी के गलियों में फैलने से मच्छर पनपने शुरू हो गए हैं जिससे बीमारियां बढ़ने का खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि गली में पानी भरने के कारण जीना दूभर हो गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस गंदगी से छुटकारा दिलवाया जाए। ताकि बीमारी से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि गली से सुबह-शाम स्कूली बच्चे गुजरते हैं जो कई बार यहां गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
घरों में घुसा गंदा पानी
कमला ने कहा कि सीवरेज का बदबूदार पानी गली में भरने के बाद घरों में घुसने लग गया है। उन्होंने कहा कि सीवरेज के गंदे पानी के कारण दीवारों में सीलन आ गई है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में पानी कमरों के अंदर भी घुस जाता है। जिसके कारण घर का सामान भी खराब हो चुका है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि है कि उनकी जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाए नहीं तो कॉलोनी वासी विभाग के खिलाफ आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
कुंभकर्ण की नींद सोए अधिकारी
मोहित ने कहा कि गली में सीवरेज समस्या के कारण सभी परेशान हैं, लेकिन अधिकारी कुंभकर्ण की नींद सोए हैं। मोहित ने कहा कि सीवरेज का गंदा पानी कमरों में आने के कारण बीमारी भी फैल रही है। जिसके कारण कई लोगों को वायरल बुखार भी हो चुका है। उन्होंने अधिकारियों से गुहार लगाई है कि कुंभकर्ण की नींद से जागकर लोगों की समस्या का समाधान करें।
कर्मचारियों को भेजकर सीवर लाइन को दुरुस्त करवाया जाएगा। बरसात के कारण शहर में सीवर संबंधी समस्याएं आ रही हैं। लेकिन कर्मचारी एक-एक करके सभी वार्डों में सीवरेज व्यवस्था को सुचारु करने में लगे हैं। इस गली में भी में कर्मचारियों को जल्द भेजा जाएगा।
- राजेंद्र, कार्यकारी अभियंता जन स्वास्थ्य विभाग नरवाना