जींद। नागरिक अस्पताल में 14.90 करोड़ रुपये से पुराने भवन का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इसमें से ज्यादातर राशि भवन की मजबूती व मरीजों की सुविधाओं पर खर्च होगी। अब इमरजेंसी वार्ड में अब सेंट्रलाइज्ड एसी लगाया जाएगा जिससे मरीजों को गर्मी-सर्दी से सुकून मिलेगा।
पीडब्ल्यूडी ने जब अस्पताल में जीर्णोद्धार का काम शुरू किया तो सिविल सर्जन डॉ. सुमन कोहली व पीएमओ डॉ. रघुबीर पूनिया व अन्य स्टॉफ ने इमरजेंसी में मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए सेंट्रलाइज्ड एसी लगाने के लिए कहा था। इस पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मना कर दिया और इसमें विंडो व स्पलिट एसी लगाने की बात कही लेकिन चिकित्सक इस सुविधा को देने के लिए अड़े रहे।
जब विभाग ने बात नहीं मानी तो अस्पताल प्रशासन डिप्टी स्पीकर व डीसी के संज्ञान में इस मामले को दिया। पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी स्पीकर व डीसी पहुंचे तो चिकित्सकों ने इमरजेंसी में सेंट्रलाइज्ड एसी लगाने की दोबारा से मांग की।
इस पर डीसी ने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को फोन कर इमरजेंसी में सेंट्रलाइज्ड एसी लगाने के आदेश दिए। अब इमरजेंसी वार्ड में यह सुविधा होने से मरीजों को गर्मी व सर्दी में कपड़े की जरूरत नहीं रहेगी। इससे यहां पर काम करने वाले स्टॉफ को भी राहत मिलेगी। मरीजों की सुविधा के अनुसार तापमान वार्ड में रखा जाएगा।
स्पलिट एसी लगाने से दीवार होंगी कमजोर
अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में अगर स्पलिट व विंडों एसी लगाई गई तो इनके आउटडोर के कारण भवन का लेंटर व दीवार तोड़नी पड़ेंगी। इनकी दीवार व लेंटर पहले ही कमजोर है। इसके कारण इनसे पानी टपकेगा और बाहरी हिस्सों में लगे आउटडोर को बंदर भी जल्दी ही तोड़ देंगे। इससे यहां पर फिर से परेशानी शुरू हो जाएगी।
इमरजेंसी वार्ड का हो रहा है विस्तार
इमरजेंसी का विस्तार कर 10 से 20 बैड की बनाई जा रही है। अब इसके विस्तार के लिए पहले वार्ड के आगे बने एक कमरे की दीवार को निकाला गया है। इससे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड को खुला स्थान मिलेगा। पहले एक कमरे में ही 10 बैड लगाए गए थे। यहां पर मरीजों को बिना सुविधाओं के परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब यहां पर गंभीर मरीजों के उपचार के लिए कैबिन की संख्या भी बढ़ेगी।
वर्जन
नागरिक अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधा देने का हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। अब डिप्टी स्पीकर व डीसी के निर्देशों के बाद अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सेंट्रलाइज्ड एसी लगाया जाएगा। फिलहाल इमरजेंसी में काम चल रहा है। सेंट्रलाइज्ड एसी लगवाने का काम भी जल्द ही अब शुरू हो जाएगा। -डॉ. रघुवीर पूनिया, पीएमओ नागरिक अस्पताल