फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंकों में नहीं पहुंचा कैश, लाइनों में लगे रहे लोग

विज्ञापन
नोट बंदी के 20 दिन बाद भी हालात सामान्य नहीं हो रहे हैं। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को स्थिति और अधिक विकट रही। जिला के अधिकतर बैंकों में मंगलवार को कैश नहीं पहुंचा। - फोटो : bureau
विज्ञापन
नोट बंदी के 20 दिन बाद भी हालात सामान्य नहीं हो रहे हैं। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को स्थिति और अधिक विकट रही। जिला के अधिकतर बैंकों में मंगलवार को कैश नहीं पहुंचा। वहीं एटीएम भी खाली रहे। इससे लोगों को घंटों लाइन में खड़े रहकर कैश का इंतजार करना पड़ा और फिर बिना कैश लिए ही वापस लौटना पड़ा। वहीं लोगों को जहां भी एटीएम से कैश निकलने की सूचना मिली, वहीं दौड़ पड़े। शहर के करीब आधा दर्जन एटीएम ही चले और यहां लोगों की लंबी कतारें रहीं। वहीं बैंकों में सीमित कैश होने के कारण सरकार के आदेशानुसार लोग अपने ही बैंक खाते से नहीं निकलवा पा रहे हैं। बैंक अपने खाते से भी महज चार से दस हजार रुपये तक ही निकाल रहे हैं। इससे लोगों के जरूरी काम भी अटक गए हैं। भीड़ को कम करने के लिए कुछ बैंकों में टोकन की व्यवस्था की गई।
विज्ञापन

शुक्रवार को जिला को करीब दस करोड़ रुपये मिले थे, इसके बाद से कैश नहीं आया है।

बड़े बैंक भी भीड़ के आगे रहे बौने
लोगों को अपने घर चलाने के लिए पैसे चाहिए, लेकिन बैंक उनके खाते से ही इस जरूरत को पूरा नहीं कर पा रहे हैं। भीड़ के आगे बड़े बैंक भी बौने साबित हो रहे हैं। कम कैश को अधिक लोगों में बांटने के लिए कैश की सीमा तय की गई है। मंगलवार को पीएनबी हुडा कॉम्पलेक्स, एसबीआई रोहतक रोड, एसबीओपी सफीदों गेट, यूनाइटेड बैंक, एक्सिस बैंक, कारपोरेशन बैंक, एलाहबाद बैंक व आंध्रा बैंक से ही कैश निकला। इसके अलावा पीनएनबी बैंक रोड, एसबीआई हुड्डा मैदान, एसबीआई रानी तालाब, केनरा बैंक, सिंडीकेट बैंक, ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, यूनियन बैंक, एसबीओपी अर्बन एस्टेट, एसबीओपी लघु सचिवालय, एचडीएफसी बैंक, एसबीओपी डीआरडीए सहित सभी मुख्य बैंकों की शाखाएं कैश लेस रही। वहीं शहर भर में आधा दर्जन एटीएम ही कैश निकाल पाए। इससे लोगों को काफी दिक्कत हुई।

30 करोड़ की मांग
बैंक अधिकारियों के अनुसार प्रतिदिन करीब 30 करोड़ रुपये की मांग आ रही है, जबकि जिला में महज एक करोड़ रुपये ही पहुंच रहे हैं। इससे लोगों को दिक्कत आ रही है। हालांकि अब शादियों और बिजाई के लिए पैसे की मांग अधिक नहीं रही है, लेकिन लोगों को सामान्य कार्यों के लिए भी कैश नहीं मिल रहा है।
विज्ञापन


अधिक कार्ड स्वाइप करने पर हंगामा
दीवाना खाना मार्केट स्थित केनरा बैंक के एटीएम में उस समय हंगामा हो गया, जब एक युवक ने अधिक कार्ड से कैश निकाला। इस पर जब लाइन में लगे लोगों ने हंगामा किया तो सुरक्षा गार्ड ने उन्हें शांत करा किया। लाइन में लगे लोगों ने कहा कि युवक के पास सात एटीएम हैं और पांच से वह कैश निकाल चुका है। यदि एक व्यक्ति इतने एटीएम कार्ड से कैश निकालेगा तो दूसरों को कैश नहीं मिलेगा। कम एटीएम चलने के कारण लोग कई-कई एटीएम से कैश निकलवा रहे हैं। लोगों का कहना है कि लंबी लाइन में लगकर नंबर आता है, ऐसे में एक बार में ही अधिक कैश लिया जा रहा है।

डीसी ने ली अधिकारियों की मीटिंग
जिले में चल रही नकदी की किल्लत से निपटने के लिए प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं। इसके तहत डीसी विनय सिंह ने मंगलवार को बैंक अधिकारियों की मीटिंग ली और आदेश दिए कि लोगों को बैंकों से पैसे की लेन-देन में कोई दिक्कत नहीं हो। इसके लिए सभी बैंक अधिकारी जरूरत के हिसाब से जिला में माइक्रो एटीएम, पीओएस मशीनों की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा अन्य तमाम प्रकार की सुविधाएं भी उपलब्ध करवाएं ताकि लोगों को पैसे के लेन-देन में किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं हो। इसको लेकर एक दिसंबर को फिर से बैंक अधिकारियों की मीटिंग बुलाई गई है।  

कैश लेस होगी व्यवस्था
नकदी की दिक्कत से निपटने के लिए कैशलेस व्यवस्था की जा रही है। इसको लेकर बैंक अधिकारियों से बातचीत हुई है। अब ऐसी व्यवस्था की जाएगी, लोगों को जिसे पैसे देने हैं, सीधे उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। इससे बैंक के बाहर कैश के लिए आने वालों की भीड़ नहीं लगेगी। इसके लिए अलग-अलग जगह पर काउंटर बनाए जाएंगे। इसकी ट्रेनिंग बुधवार से शुरू होगी।
विज्ञापन

विनय सिंह, डीसी।
 एक्सिस बैंक के बाहर लगी लोगों की लाइन।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें