जींद। खांडा गांव में बुधवार दोपहर बाद करीब ढाई बजे पिता के साथ सड़क पार कर दुकान पर सामान लेने जा रहे 9 वर्षीय बच्चे को तेज रफ्तार स्कूल बस ने कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौत पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता को मामूली चोट आई। घटना की जानकारी मिलने पर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात स्कूल बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलेवा थाना पुलिस को दी शिकायत में खांडा निवासी राजेश ने बताया कि वह और उसका नौ वर्षीय बेटा अंश दोपहर बाद ढाई बजे दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए जा रहे थे। जब वे सड़क पार कर दुकान के सामने पहुंचे तो ढाठरथ की तरफ से आई तेज रफ्तार स्कूल बस ने उसके बेटे को टक्कर मार गई। अंश स्कूल बस के साथ करीब 15 फीट तक घसीटता रहा। अंश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अंश सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा का छात्र था। हादसे के बाद बस चालक कुछ क्षण के लिए रुका लेकिन लोगों की भीड़ देख मौके से बस लेकर भाग निकला। जांच अधिकारी एएसआई सुरेश ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर अज्ञात स्कूल बस चालक के खिलाफ लापरवाही से बस चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। राजेश के चार बच्चे हैं। अब दो बेटी व एक बेटा रह गए हैं।