अंशु मलिक के जीतने की घोषणा करते चैंपियनशिप कोच।
- फोटो : Jind
निडानी गांव की रहने वाली पहलवान अंशु मलिक ने शुक्रवार को इटली के रोम में हुई वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज रेसलिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता है। यह प्रतियोगिता 15 जनवरी से शुरू हुई है जो 18 तक चलेगी। अंशु मलिक ने इसी साल फरवरी में दिल्ली में होने वाली एशियन प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। इस समय अंशु ओलंपिक की तैयारी कर रह हैं।
57 किलोग्राम भार वर्ग में पहले दिन अंशु मलिक ने कनाडा की विश्व चैंपियन रही लिंडा मोरिस को पराजित किया। सेमीफाइनल मुकाबले में संयुक्त राज्य अमेरिका की पहलवान जिनरोज को शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में अंशु नाइजीरिया की ओडनामो से हार गईं। उन्हें सिल्वर पदक से संतोष करना पड़ा। अंशु मलिक के पिता धर्मबीर मलिक के अनुसार प्रतियोगिता के आधार पर अंशु को एशियन प्रतियोगिता में सीधे प्रवेश मिल गया है। इसके बाद ओलंपिक के लिए क्वालिफायर होगा, जिसमें अंशु का चयन होने की संभावनाएं हैं।
हरदीप ढिल्लों और सरिता का मुकाबला आज
खेल स्कूल निडानी के निदेशक कृष्ण मलिक ने बताया कि रियो ओलंपिक में भाग लेने वाले हरदीप ढिल्लों व सरिता मोर का मुकाबला रोम रैंकिंग सीरीज रेसलिंग चैंपियनशिप में 18 जनवरी को होगा। उन्हें उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी स्वर्ण पदक लाएंगे।
87 किलोग्राम में भी जीता रजत
खेल स्कूल निडानी के पहलवान सुनील डबलपुर ने भी रोम रैंकिंग रेसलिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता है। कृष्ण मलिक के अनुसार सुनील ने सेमीफाइनल में पहलवान अडुआडो को हराकर फाइनल में प्रवेश किया और रजत पदक जीता।
सुनील।- फोटो : Jind