03जेएनडी39-नरवाना में कम्युनिटी सेंटर में चल रहे कार्य का निरीक्षण करते हुए डीएमसी सुरेंद्र दून
नरवाना। नवनियुक्त डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर (डीएमसी) सुरेंद्र दून ने पदभार संभालते ही सक्रियता दिखाते हुए नरवाना शहर का दौरा किया और विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने नगर परिषद कार्यालय के अस्थाई स्थानांतरण के लिए एलआईसी रोड पर बन रहे कम्युनिटी सेंटर के निर्माण कार्य का विशेष रूप से जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्य तीन माह के भीतर पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएमसी ने नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी गहन समीक्षा की। धन्ना भगत चौक के आसपास गोबर और कचरे की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएमसी सुरेंद्र दून ने कहा कि नरवाना में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहेगी और सभी योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि आमजन को सीधा लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद नरवाना और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी तेजी से काम में जुट जाने की प्रतिबद्धता जताई।
डीएमसी के निर्देशों और नगर के लिए उनकी विकासपरक सोच से शहरवासियों में नई उम्मीद जगी है। इस मौके पर रविंद्र कुमार, चेयरपर्सन प्रतिनिधि विशाल मिर्धा, नगर पार्षद संजय गर्ग और बलजीत सिंह भी मौजूद रहे।